India News (इंडिया न्यूज),Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में अक्टूबर के शुरुआती हफ्तों में भी गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है। राजधानी में तापमान 35 डिग्री तक पहुंचने से लोगों को उमस और तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अक्टूबर के तीसरे हफ्ते से ठंड का हल्का अहसास होने की संभावना है, लेकिन फिलहाल गर्मी से राहत मिलती नहीं दिख रही। अनुमान है कि दशहरे तक तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और अधिकतम तापमान 37 डिग्री तक पहुंच सकता है।
दिल्ली-NCR में छाए रहेंगे आंशिक बादल
शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है, लेकिन इससे तापमान पर खास असर नहीं पड़ेगा। अगले कुछ दिनों में, 6 से 10 अक्टूबर के बीच अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के आसपास रहेगा। 8 और 9 अक्टूबर को हल्के बादल जरूर दिख सकते हैं, लेकिन ठंड का अहसास अक्टूबर के तीसरे सप्ताह से ही शुरू होगा। दिल्ली में इस समय कोई बड़ा मौसमी सिस्टम नहीं है, इसलिए गर्मी का असर बढ़ रहा है और लोगों को पसीने छूट रहे हैं।
उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी धूप का कहर
उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी मानसून के जाने के बाद गर्मी ने दस्तक दे दी है। यूपी, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी शनिवार को तेज धूप रहेगी और तापमान 37 डिग्री तक जा सकता है। अक्टूबर के महीने में इस प्रकार की गर्मी लोगों को हैरान कर रही है, क्योंकि आमतौर पर इस समय हल्की ठंडक शुरू हो जाती है।
पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
इसके विपरीत, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जैसे पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की भी आशंका है। शुक्रवार को कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भी बारिश हो सकती है।