India News (इंडिया न्यूज),Delhi New CM News: आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता और दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने बताया कि आतिशी को यह भूमिका विषम परिस्थितियों में निभानी होगी। उन्होंने कहा कि अगले चुनाव तक अरविंद केजरीवाल के स्थान पर आतिशी मुख्यमंत्री रहेंगी। जब तक जनता केजरीवाल को प्रचंड बहुमत से दोबारा नहीं चुन लेती, तब तक आतिशी इस पद पर रहेंगी।
गोपाल राय ने लगाया आरोप
गोपाल राय ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आम आदमी पार्टी को खत्म करने की साजिश रची है। उन्होंने कहा, “सरकार को अस्थिर करने की कोशिश की गई, लेकिन AAP एकजुट है और सरकार स्थिर है।” राय ने एजेंसियों के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया और कहा कि दिल्ली सरकार को गिराने की कोशिशें नाकाम रही हैं।
अरविंद केजरीवाल आज देंगे इस्तीफा
राय ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज शाम 4.30 बजे अपने पद से इस्तीफा देंगे। आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक में केजरीवाल ने आतिशी के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी विधायकों ने समर्थन दिया। हालांकि, मुख्यमंत्री पद के लिए दो नामों पर चर्चा हुई थी—आतिशी और कैलाश गहलोत। अंततः विधायक दल ने आतिशी के नाम पर सहमति बनाई। अरविंद केजरीवाल के जेल से बाहर आने के बाद से ही दिल्ली की राजनीति में उथल-पुथल मची हुई थी। केजरीवाल ने पहले ही ऐलान कर दिया था कि वे दो दिन बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे, जिससे आतिशी के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया।
Arvind Kejriwal: 3 बार CM रह चुके अरविंद केजरीवाल की कितनी है सैलरी और संपत्ति ? यहां जानें