India News (इंडिया न्यूज),Delhi News: दिल्ली की सियासत में हलचल मचाते हुए रविवार को मंत्री कैलाश गहलोत ने आम आदमी पार्टी (AAP) और अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफे के बाद दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और अन्य विपक्षी नेताओं ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। सचदेवा ने इसे केजरीवाल के लिए ‘आईना दिखाने वाला कदम’ करार दिया। उन्होंने कहा कि गहलोत ने जो सवाल उठाए हैं, वे बेहद जरूरी हैं। खासतौर पर मुख्यमंत्री आवास पर करोड़ों रुपये खर्च करने और यमुना की बदहाल स्थिति पर सवाल खड़े किए गए।

‘बच्चों की कसम खाकर किया वादा तोड़ा’- सचदेवा

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने अपने बच्चों की कसम खाकर सरकारी आवास न लेने का वादा किया था, लेकिन करोड़ों रुपये खर्च कर नया सीएम आवास बनवा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल के नेतृत्व में आप ने नैतिकता और पारदर्शिता के सभी मानदंडों को तोड़ा है। साथ ही, यमुना की सफाई में विफलता को लेकर भी निशाना साधा गया।

सीएम मोहन यादव ने जनसभा में बढ़ाया उत्साह, महाराष्ट्र चुनावों में महायुति को समर्थन

‘आप का पतन तय’- विपक्ष

कैलाश गहलोत के इस्तीफे को आप की गिरती लोकप्रियता का प्रतीक बताते हुए सचदेवा ने कहा कि जनता अब पार्टी के असली चेहरे को पहचान चुकी है। केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आप के तानाशाही रवैये और भ्रष्टाचार से पार्टी के नेता और विधायक खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। कांग्रेस ने भी आप को ‘भ्रष्ट पार्टी’ करार देते हुए कहा कि उसके कार्यकाल में केवल विवाद और असफलताएं ही नजर आई हैं। कैलाश गहलोत ने अपने इस्तीफे से पहले अरविंद केजरीवाल को लिखे पत्र में सीएम आवास विवाद और अन्य मुद्दों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने आम आदमी होने की अपनी पहचान खो दी है। यह घटनाक्रम आगामी विधानसभा चुनावों से पहले आप के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।

मां ने क्रिकेट में भेजने के लिए बेच दिए गहने, IPL 2025 में लाखों में बिकेगा ये 20 साल का ये खिलाड़ी, धोनी भी कर चुके हैं तारीफ