India News Delhi (इंडिया न्यूज़), Delhi: दिल्ली विधानसभा में शुक्रवार को भाजपा के मंत्री प्रवेश वर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जोरदार हमला बोला। पीडब्ल्यूडी मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान हाथ में एक पेन लेकर केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि यह पेन शायद उनकी शर्ट पर लगाने के लिए था, जो विधानसभा में छूट गया। वर्मा ने यह भी कहा कि केजरीवाल जो महंगे महल में रहते हैं, वह 5 रुपए का पेन लगाकर घूमते थे, जिससे उनके असली स्वरूप का पता चलता है।
महल बनाने की आलोचना
वर्मा ने उपराज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान केजरीवाल के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, यह पेन 5 रुपए का था, जो शायद केजरीवाल जी अपनी शर्ट पर लगाते थे। लेकिन उनके महल को देखकर ऐसा लगता है जैसे वह दुबई के शेख के महल में रहते हैं। उनका यह बयान विधानसभा में मौजूद सभी नेताओं और मीडिया का ध्यान आकर्षित कर गया। प्रवेश वर्मा ने आगे कहा कि जब उनकी सरकार बनी, तो मुख्यमंत्री कार्यालय के दरवाजे खोले गए थे और कई कर्मचारियों ने पहली बार वहां आकर देखा था। उन्होंने कहा, “जो आदमी 5 रुपए के पेन पर अपनी पहचान बनाता है, वही आदमी करोड़ों रुपए खर्च कर अपने लिए आलीशान महल बनवाता है।” वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल अपनी शर्ट का बटन भी गलत तरीके से लगाते थे, जबकि उनका सरकारी कार्यालय करोड़ों का था।
Mohalla Clinic: दिल्ली के स्वास्थ्य सेवाओं में खामियां, CAG की रिपोर्ट में कई बड़े खुलासे
कसमें और मार्केटिंग पर तंज
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल के चुनावी वादों को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने चुनावों के दौरान बच्चों, मां यमुना और यहां तक कि अपने बुजुर्ग माता-पिता की झूठी कसम खाई। वर्मा ने दावा किया कि केजरीवाल ने अपने माता-पिता को व्हीलचेयर पर बैठाकर प्रचारित किया, ताकि वोट पाने के लिए सहानुभूति मिल सके। उनका कहना था, अगर केजरीवाल सच्चे दिल से दिल्ली का विकास करते, तो उन्हें झूठी कसमें खाने और मार्केटिंग की जरूरत नहीं पड़ती।
विकास का वादा
वर्मा ने दिल्ली के विकास को लेकर अपनी सरकार का संकल्प भी दोहराया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार ने विज्ञापनों और होर्डिंग्स पर बेतहाशा खर्च किया, लेकिन दिल्ली की सड़कों पर विकास नजर नहीं आया। भाजपा सरकार का उद्देश्य यह है कि दिल्ली के विकास को होर्डिंग्स से हटाकर सड़कों पर लाया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका लाभ मिल सके। इस बयानबाजी ने दिल्ली की राजनीति में एक नई बहस को जन्म दे दिया है, जिसमें भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच घमासान तेज होता जा रहा है।