India News (इंडिया न्यूज़),Delhi Weather : दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर धीरे-धीरे कम हो रहा है। दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे सूरज की तपिश महसूस की जा रही है। हालांकि पहाड़ी राज्यों में अभी भी बारिश और बर्फबारी जारी है। हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में आज बर्फबारी और बारिश दर्ज की गई, जबकि जम्मू-कश्मीर में ‘चिल्लई-खुर्द’ की अवधि 19 फरवरी को समाप्त होगी, जिससे ठंड कुछ कम होने की संभावना है।
रविवार (16 फरवरी) को दिल्ली में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे और सुबह के समय स्मॉग या हल्का कोहरा दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शनिवार (15 फरवरी) को अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 फरवरी को लेकर मौसम विभाग ने बारिश की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश में शनिवार (15 फरवरी) को झांसी में सबसे अधिक 30.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जबकि अयोध्या सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। सुबह और देर रात हल्का कोहरा रह सकता है, लेकिन बारिश या घने कोहरे की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
बिहार में हल्की ठंड बरकरार
वहीं बिहार में घने कोहरे या बारिश को लेकर फिलहाल कोई चेतावनी नहीं दी है। 24 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की मौसम विभाग ने संभावना जताई है। अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है, लेकिन उसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा।
राजस्थान में कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान में शनिवार (15 फरवरी) को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि करौली में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों में तापमान में 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। 17 से 20 फरवरी के दौरान प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना है। हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी जारी है। जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड अब धीरे-धीरे कम होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 16 से 20 फरवरी के दौरान घाटी में मौसम स्थिर रहेगा। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई, जबकि मैदानी इलाकों में ठंड जारी है। 17 फरवरी को हिमाचल के मैदानी इलाकों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान लेह का न्यूनतम तापमान माइनस 6 डिग्री, लद्दाख के स्कार्दू में माइनस 3.4 डिग्री, गुलमर्ग में माइनस 3 डिग्री, गिलगित में माइनस 2 डिग्री और पहलगाम में माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पूर्वोत्तर भारत को लेकर बड़ी चेतावनी
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है, जबकि ओडिशा, सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में घने कोहरे का अनुमान जताया है। असम, मेघालय और नागालैंड में भी बारिश दर्ज की गई है, जिससे अगले कुछ दिनों में तापमान में बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 17 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आ सकता है। इससे उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम बदलेगा। इन राज्यों में अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश और तापमान में मामूली गिरावट की संभावना रहेगी।