India News(इंडिया न्यूज),Delhi Youth Booth: दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के लिए सभी 70 सीटों पर 5 फरवरी को मतदान होगा, जबकि नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। इस बार का चुनाव युवाओं के लिए खास होने जा रहा है, क्योंकि पहली बार उनके लिए विशेष ‘यूथ बूथ’ बनाए जा रहे हैं। ये बूथ पूरी तरह युवाओं द्वारा संचालित होंगे और उनका उद्देश्य युवा मतदाताओं को अधिक संख्या में मतदान के लिए प्रेरित करना है।
दिल्ली की सत्ता में युवाओं की निर्णायक भूमिका
दिल्ली में 18 से 39 वर्ष की आयु वर्ग के मतदाता कुल वोटरों का करीब 45 प्रतिशत हैं। इनमें 18 से 29 वर्ष तक के युवा मतदाता 18 प्रतिशत और 30 से 39 वर्ष के मतदाता 27 प्रतिशत हैं। इस प्रकार युवा मतदाता दिल्ली की सत्ता का रुख तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। ‘यूथ बूथ’ का उद्देश्य इन युवा मतदाताओं को लोकतंत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रेरित करना है।
AAP की डॉक्यूमेंट्री में ऐसा क्या जिससे घबरा रही है BJP? सौरभ भारद्वाज का बड़ा सवाल
चुनाव आयोग की अनोखी पहल
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक ‘यूथ बूथ’ स्थापित किया जाएगा। इन बूथों की जिम्मेदारी 25 वर्ष तक के युवा कर्मचारियों को सौंपी जाएगी। इसके साथ ही, हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक ‘पिंक बूथ’ भी बनाया जाएगा, जिसका संचालन केवल महिला कर्मचारी करेंगी। इसी तरह, प्रत्येक विधानसभा में दिव्यांग कर्मचारियों द्वारा संचालित एक बूथ होगा।
मॉडल मतदान केंद्र और खास नारे
युवाओं को प्रेरित करने के लिए इन बूथों पर विशेष नारे लगाए जाएंगे। इसके अलावा, हर विधानसभा क्षेत्र में तीन मॉडल मतदान केंद्र बनाए जाएंगे, जिससे इनकी कुल संख्या 210 होगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके वोट की ताकत का एहसास कराना और उन्हें लोकतंत्र के महापर्व में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करना है। यह कदम न केवल युवा मतदाताओं के लिए एक खास अनुभव साबित होगा, बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को भी मजबूत करेगा।
बिल्ली वाली साध्वी के नाम से मशहूर हुई साध्वी राधिका, पिछली बार लाई थीं खरगोश