India News (इंडिया न्यूज), Harshita Kejriwal wedding: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता केजरीवाल शुक्रवार शादी के बंधन में बंध गई हैं। उन्होंने दिल्ली के कपूरथला हाउस में संभव जैन के साथ सात फेरे लिए। इससे पहले 17 अप्रैल को दिल्ली के शांगरी-ला होटल में मेहंदी और अन्य रस्में हुई थीं। इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया समेत सीमित लोग ही शामिल हुए थे।
जानकारी के मुताबिक हर्षिता केजरीवाल और संभव जैन की शादी के बाद अब 20 अप्रैल को रिसेप्शन कार्यक्रम होगा। दोनों ने आईआईटी में साथ-साथ पढ़ाई की है। संभव जैन और हर्षिता ने कुछ महीने पहले ही एक स्टार्टअप शुरू किया था। शादी से पहले शांगरी-ला होटल में मेहंदी और अन्य रस्मों के दौरान अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ डांस भी किया।
भगवंत मान ने पत्नी के साथ डांस किया
सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिसमें केजरीवाल अपनी पत्नी के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। आपको बता दें कि अरविंद केजरीवाल के दो बच्चे हैं। बेटे का नाम पुलकित और बेटी का नाम हर्षिता है। केजरीवाल और सुनीता के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी अपनी पत्नी के साथ डांस किया।
हर्षिता केजरीवाल के बारे में खास बातें
अरविंद केजरीवाल की बेटी हर्षिता ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, नोएडा से पढ़ाई की है। 2014 में उन्होंने आईआईटी-जेईई एडवांस परीक्षा में 3 हजार 322वीं रैंक हासिल की और आईआईटी दिल्ली से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। इस दौरान वह विभाग में तीसरे स्थान पर रहीं। पढ़ाई के दौरान उन्हें कई कंपनियों से जॉब ऑफर मिले।
अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद हर्षिता ने गुरुग्राम की एक कंपनी में एसोसिएट कंसल्टेंट के तौर पर काम किया। वह बेसिल हेल्थ कंपनी की को-फाउंडर हैं। अपने काम के साथ-साथ हर्षिता राजनीति में भी अपने पिता के साथ कदम से कदम मिलाकर चलती नजर आई हैं। उन्होंने पार्टी के चुनाव प्रचार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने 2020 के विधानसभा चुनाव में अपने पिता और पार्टी के लिए प्रचार किया।