India News Delhi (इंडिया न्यूज़), Mahashivratri 2025: हिंदू धर्म में भगवान शिव का विशेष स्थान है, और महाशिवरात्रि का पर्व उनके भक्तों के लिए अत्यंत पावन माना जाता है। यह दिन भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह के रूप में मनाया जाता है। दिल्ली के प्रसिद्ध मंदिरों में से एक, चांदनी चौक स्थित गौरी-शंकर मंदिर, महाशिवरात्रि के अवसर पर भक्तों की भारी भीड़ से गूंज उठता है। मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है।

मंदिर की अद्भुत सजावट और विशेष आयोजन

महाशिवरात्रि के मौके पर गौरी-शंकर मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाता है। फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से सजे इस मंदिर में श्रद्धालु सुबह 5 बजे से ही भगवान शिव और माता गौरी के दर्शन के लिए कतारबद्ध होने लगते हैं। भक्त पूरे विधि-विधान से जलाभिषेक करते हैं और बेलपत्र, धतूरा, भांग आदि अर्पित कर भगवान शिव को प्रसन्न करने की प्रार्थना करते हैं।

REET परीक्षा के लिए रेलवे चला रहा स्पेशल ट्रेनें, रोडवेज बसाें में 5 दिन मुफ्त सफर

मनोकामनाओं होती हैं पूरी

श्रद्धालुओं की मान्यता है कि गौरी-शंकर मंदिर में की गई प्रार्थनाएं अवश्य पूरी होती हैं। भक्त यहां विशेष रूप से नंदी महाराज के कान में अपनी मनोकामना कहकर भगवान शिव से वरदान मांगते हैं। महाशिवरात्रि के दिन यहां विशेष रुद्राभिषेक, आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाता है, जिसके बाद भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया जाता है।

800 साल पुराना मंदिर का ऐतिहासिक महत्व

गौरी-शंकर मंदिर का इतिहास करीब 800 साल पुराना माना जाता है। यह मंदिर उस समय से अस्तित्व में है जब कभी यमुना नदी इसी क्षेत्र में बहा करती थी। यह स्थान प्राचीन होने के कारण आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है। मंदिर परिसर में भगवान गणेश और राधा-कृष्ण की मूर्तियां भी स्थापित हैं। यह मंदिर सप्ताह के सातों दिन खुला रहता है, और यहां पहुंचने के लिए सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन ‘लाल किला’ है।

दिल्ली के अन्य प्रसिद्ध शिव मंदिर

गौरी-शंकर मंदिर के अलावा, दिल्ली में कई अन्य प्राचीन और प्रसिद्ध शिव मंदिर हैं, जहां महाशिवरात्रि के दिन विशेष पूजा-अर्चना होती है। इनमें नील छत्री मंदिर, मंगल महादेव बिरला कानन, श्री शिव दुर्गा मंदिर और गुफा वाला मंदिर प्रमुख हैं। इन मंदिरों में भी महादेव के भक्त बड़ी संख्या में पहुंचते हैं और पूरे श्रद्धा-भाव से भोलेनाथ की अराधना करते हैं।

CM नीतीश कुमार के बेटे को मिला RJD में शामिल होने का ऑफर, निशांत बोले- जनता करेगी फैसला