India News (इंडिया न्यूज), Delhi Metro Timings Change: दिल्ली विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। 5 फरवरी को राजधानी में मतदान होगा, जिसके लिए चुनाव आयोग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, चुनाव प्रचार का शोर भी सोमवार को थम गया। अब सभी राजनीतिक दलों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद होगा और 8 फरवरी को मतगणना के बाद यह साफ हो जाएगा कि दिल्ली की सत्ता किसके हाथ में होगी।

चुनाव के दिन 4 बजे से दौड़ेगी मेट्रो

मतदान के दिन लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए दिल्ली मेट्रो ने बड़ा फैसला लिया है। 5 फरवरी को मेट्रो ट्रेन सेवाएं सभी टर्मिनल स्टेशनों से सुबह 4 बजे से शुरू होंगी। सुबह 6 बजे तक सभी लाइनों पर ट्रेनें 30-30 मिनट के अंतराल पर चलेंगी, जिसके बाद सामान्य सेवा बहाल कर दी जाएगी। मतगणना के दिन 8 फरवरी को भी यही व्यवस्था लागू रहेगी। इससे न सिर्फ आम जनता को, बल्कि चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को भी सुविधा मिलेगी।

ये क्या बोल गए स्वामी निश्चलानंद, ‘सरकार अगर सेक्युलर है तो मंदिर और मठों…’

प्रचार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों का शक्ति प्रदर्शन

चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। बीजेपी ने राजधानी में जोरदार प्रचार किया, जिसमें 200 से ज्यादा सांसद, कैबिनेट मंत्री और बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री व डिप्टी सीएम शामिल रहे। गृह मंत्री अमित शाह ने तालकटोरा में एक बड़ी रैली कर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने किया डोर-टू-डोर कैंपेन

वहीं, कांग्रेस ने भी आखिरी दिन अपना पूरा दम दिखाया प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस नेताओं के साथ कई विधानसभा क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कैंपेन किया। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी पार्टी 55 से अधिक सीटें जीत रही है और यदि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदान करें, तो यह आंकड़ा 60 के पार भी जा सकता है। अब सबकी नजरें 5 फरवरी के मतदान और 8 फरवरी को आने वाले नतीजों पर टिकी हैं।