India News (इंडिया न्यूज),Prashant Vihar Blast: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के प्रशांत विहार इलाके में गुरुवार सुबह हुए धमाके ने राजधानी में सुरक्षा की स्थिति को लेकर नई बहस छेड़ दी है। इस घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। धमाके के कारणों की जांच जारी है, लेकिन इस घटना ने आम जनता में दहशत और असुरक्षा की भावना को और गहरा दिया है।
अरविंद केजरीवाल का अमित शाह पर हमला
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को आड़े हाथों लिया। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लिखा कि दिल्ली में मर्डर, लूट और रंगदारी जैसी घटनाएं पहले ही आम हो चुकी हैं, और अब धमाके ने हालात को और गंभीर बना दिया है। उन्होंने लिखा, “दिल्ली में सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का अधिकार सभी का है। गृहमंत्री जी, कृपया नींद से जागिए और अपनी जिम्मेदारी निभाइए।”
जीवन को खतरे में डालती है केंद्र सरकार- अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में बढ़ते अपराधों के लिए केंद्र सरकार पर सीधे सवाल उठाए हैं और इसे आम जनता के जीवन को खतरे में डालने वाला बताया। उन्होंने कहा कि अपराधों की लगातार बढ़ती घटनाओं ने राजधानी के नागरिकों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। प्रशांत विहार धमाके की जांच में सुरक्षा एजेंसियां जुटी हुई हैं, लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि ऐसे मामलों में रोकथाम के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। केजरीवाल की इस प्रतिक्रिया ने राजनीतिक गर्मी बढ़ा दी है, और दिल्ली की सुरक्षा पर एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बहस छिड़ने की संभावना है।