India News (इंडिया न्यूज),Delhi Weather Today: दिल्ली एनसीआर में मौसम के मिजाज पूरी तरह बदल गए हैं। भीषण गर्मी के बाद अब मौसम कूल कूल हो गया है। जिसकी वजह से लोगों को तपिश से काफी राहत मिली है। वहीँ मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार यानी 6 मई 2025 को पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य, पूर्वी, उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण भारत में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा आंधी और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों का मौसम अब भी डगमगाया हुआ है।
दिल्ली में छाएंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक़ आज राजधानी दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना जताई जा रही है। वहीँ हल्की बारिश के साथ धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि हवाएं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। कई इलाकों में इसकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे भी पहुंच सकती है। मौसम को लेकर आईएमडी ने यहां येलो अलर्ट जारी किया है। अधिकतम तापमान 36-38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है।
पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में मौसम को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। कई जगहों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। हिमाचल और कश्मीर के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।