India News(इंडिया न्यूज़),Tughlaq Lane New Name: दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के सांसदों ने अपने सरकारी आवासों के बाहर लगी नेम प्लेट में तुगलक लेन का नाम बदलकर ‘स्वामी विवेकानंद मार्ग’ लिखवा लिया है। हालांकि, इस बदलाव को लेकर अब तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है, लेकिन कई अन्य सांसदों और अधिकारियों ने भी इसी तरह अपने पते में बदलाव कर लिया है। बीजेपी सांसद दिनेश शर्मा और केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर समेत कई नेताओं ने अपने आवासीय पते में इस परिवर्तन को अपनाया है।
सांसदों और अधिकारियों ने अपनाया नया नाम
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद डॉक्टर दिनेश शर्मा का आवास अब तक आधिकारिक रूप से ‘6, तुगलक लेन’ था, लेकिन गृह प्रवेश के बाद उन्होंने अपने पते में इसे बदलकर ‘6, विवेकानंद मार्ग’ कर दिया। इसी तरह केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने भी अपने सरकारी आवास ‘8, तुगलक लेन’ की जगह ‘8, स्वामी विवेकानंद मार्ग’ लिखवा लिया है। यही नहीं, राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा और वाइस एडमिरल किरण देशमुख ने भी अपने आवासों पर ‘स्वामी विवेकानंद मार्ग’ लिखवाया है।
सड़क नाम बदलने की पुरानी मांग
दिल्ली में मुगलकालीन और मुस्लिम शासकों से जुड़े नामों को बदलने की मांग लंबे समय से उठती रही है। इससे पहले औरंगजेब रोड का नाम बदलकर एपीजे अब्दुल कलाम रोड किया जा चुका है। इसी कड़ी में अब सांसदों और अधिकारियों ने अपने आवासीय पते को बदलने का फैसला किया है। हालांकि, तुगलक लेन के आधिकारिक नाम में कोई संशोधन नहीं किया गया है, फिर भी सांसदों ने व्यक्तिगत स्तर पर इसे बदल दिया है। दिलचस्प बात यह है कि गूगल मैप पर भी ‘स्वामी विवेकानंद मार्ग’ सर्च करने पर यह नाम दिखने लगा है।
राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रिया
बीजेपी नेताओं द्वारा किए गए इस बदलाव को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे भारतीय इतिहास और संस्कृति से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ इसे राजनीतिक कदम बता रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक रूप से तुगलक लेन का नाम नहीं बदला गया है, फिर भी सांसदों के इस कदम से यह चर्चा का विषय बन गया है। इससे पहले भी कई बार राजधानी की सड़कों के नाम बदलने को लेकर मांगें उठ चुकी हैं और आगे भी इस तरह के बदलाव संभव हो सकते हैं।
भिवानी में विधायक को ज्ञापन सौंप परिवार ने ये की मांग, बोले- न्याय नहीं मिला तो मनाएंगे काली होली