India News (इंडिया न्यूज),Arvind Kejriwal On Delhi Chunav Result: AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों पर कहा कि जनता को जो भी निर्णय है उसे हम स्वीकार करते हैं। मैं इस जीत के लिए BJP को बहुत बहुत बधाई देता हूं। जिस आशा के साथ जनता को उनको बहुमत दिया है उसकी उम्मीदों पर वो खरा उतरेंगे।
इंफ्रास्ट्रक्चर को हमने सुधारने की कोशिश की
अरविंद केजरीवाल ने कहा, “हमने पिछले 10 सालों में जनता ने मौका दिया। हमने बहुत काम किए। शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में, पानी के क्षेत्र में, बिजली के क्षेत्र में और भी अलग-अलग तरीके से लोगों को राहत पहुंचाने के लिए कोशिश की। राजधानी दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर को हमने सुधारने की कोशिश की। अब जो जनता ने हमें निर्णय दिया है, हम न केवल एक कंस्ट्रक्टिव अपोजिशन का रोल निभाएंगे बल्कि हम समाज सेवा, जनता के सुख-दुख में काम आना, व्यक्तिगत तौर पर जिसको भी आवश्यकता होगी हम लोगों के सुख-दुख में हमेशा काम आएंगे। क्योंकि हम राजनीति में कोई सत्ता के लिए नहीं आए।”
सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं
इसके आगे उन्होंने बताया, “हम राजनीति को एक जरिया मानते हैं जिसके जरिए जनता की सेवा की जा सकती है। जिसके जरिए लोगों के सुख-दुख में काम आया जा सकता है। वह काम करते रहेंगे और हमें आगे भी इसी तरीके से जनता के सुख-दुख में काम आना है। मैं AAP के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं। आपने बहुत शानदार काम किया। बहुत मेहनत की। शानदार चुनाव लड़ा और सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं।”