India News (इंडिया न्यूज),Panchgrahi Yog:25 अप्रैल 2025, शुक्रवार को प्रातः 03:25 बजे चंद्रमा अपनी गति के अनुसार कुंभ राशि से निकलकर मीन राशि में प्रवेश करेगा। वहां पहले से मौजूद राहु, शनि, बुध और शुक्र की युति से मिलकर पंचग्रही योग बनाएगा। यह योग बहुत प्रभावशाली माना जाता है, जिसका प्रभाव व्यक्ति के मानस, कर्म, रिश्ते और निर्णय लेने की क्षमता पर बहुत गहराई से दिखाई देता है। जल तत्व प्रधान, बारहवें भाव का स्वामी और बृहस्पति की मूल त्रिकोण राशि मीन विचारशीलता, करुणा, कल्पना और आध्यात्मिक उत्थान का कारक है। जब पांचों ग्रह एक ही राशि से जुड़े होते हैं, तो चेतना का स्तर बदल जाता है। मन में उठने वाली तरंगें न केवल भावनात्मक होती हैं, बल्कि वे धार्मिक, मानसिक और आध्यात्मिक यात्रा की ओर भी ले जाती हैं।
इस योग के कारण कुछ राशियों को विशेष लाभ, आत्म-विकास, करियर में विस्तार, भावनात्मक संतुलन और आर्थिक मजबूती मिलेगी। वहीं, कुछ राशियों को आत्ममंथन और संयम की आवश्यकता होगी। आइए जानते हैं कि किन राशियों के लिए इस पंचग्रही योग का शुभ प्रभाव विशेष लाभकारी रहेगा।
वृषभ राशि
इस समय वृषभ राशि के जातकों के लिए पंचग्रही योग बहुत शुभ साबित हो सकता है। यह युति आपकी कुंडली के ग्यारहवें भाव में हो रही है, जो लाभ, आकांक्षाओं की पूर्ति और मित्रों से सहयोग का भाव है। यदि आप लंबे समय से आय के नए स्रोत की तलाश कर रहे हैं या किसी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं, तो अब उसके ठोस परिणाम मिलने की प्रबल संभावना है। पुराने संपर्कों से नए अवसर प्राप्त होंगे और सामाजिक दायरे से जुड़ा भाग्य साथ देगा। जो जातक अपने प्रेम संबंधों या पेशेवर निर्णयों को लेकर असमंजस में थे, उन्हें अब मानसिक स्पष्टता का अनुभव होगा। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस समय आपकी सोच में स्थिरता आएगी और आप स्थिरता की ओर बढ़ेंगे। यह वह समय है जब आप अपने सपनों को ठोस कार्यों में बदल सकते हैं।
सिंह राशि
सिंह राशि वालों के लिए यह योग आठवें भाव में बन रहा है, जो गूढ़ ज्ञान, परिवर्तन, मनोवैज्ञानिक गहराई और अचानक होने वाली घटनाओं से जुड़ा है। यह संवेदनशीलता और आत्मनिरीक्षण का समय है। अचानक कोई पुराना मामला या स्थिति फिर से उभर सकती है, जो आपको थोड़ा अस्थिर या भावनात्मक रूप से परेशान कर सकती है। आपके लिए जरूरी है कि इस समय जल्दबाजी या आवेग में कोई निर्णय न लें। ग्रहों की स्थिति आपको अंतर्मन की ओर मोड़ रही है ताकि आप अपने डर, असुरक्षा को समझ सकें और मुक्त हो सकें। अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें। अगर आप ध्यान, साधना जैसी गतिविधियों से जुड़े हैं तो यह समय आपके लिए शुभ हो सकता है।
मकर राशि
मकर राशि वालों के लिए पंचग्रही योग तीसरे भाव में बन रहा है। यह भाव संचार, कौशल, आत्मविश्वास, पराक्रम और करीबी रिश्तों का प्रतीक है। यह समय आपके लिए वाणी और विचारों की शक्ति को बढ़ाने का है। आप जो कहना चाहते हैं, वह दूसरों तक प्रभावशाली तरीके से पहुंचेगा। आपको अपने करियर में कोई नया कार्यक्षेत्र, नई भूमिका या जिम्मेदारी मिल सकती है, जिसे आप बहुत कुशलता से संभालेंगे। इस समय आपका दृष्टिकोण बहुत व्यावहारिक और परिपक्व रहेगा, जिसके कारण आप जटिल परिस्थितियों को बहुत आसानी से सुलझा पाएंगे। भाई-बहनों या सहकर्मियों के साथ संबंधों में सुधार आएगा। यह समय नई योजनाएं शुरू करने, प्रोजेक्ट शुरू करने और डिजिटल या रचनात्मक क्षेत्रों में प्रगति करने का भी है। लेखन, भाषण या शिक्षण से जुड़े लोगों को विशेष लाभ मिल सकता है।