India News (इंडिया न्यूज),Hindu religion: भारत में सनातन धर्म में 33 करोड़ देवी-देवता हैं। हर देवी-देवता के भक्त अपनी श्रद्धा और आस्था से उनकी पूजा करते हैं। हाल ही में एक सर्वे में यह बात सामने आई है कि भारत में कुछ खास देवी-देवताओं की पूजा सबसे ज्यादा की जाती है। इस सर्वे के मुताबिक, लोग सबसे ज्यादा भगवान शिव की पूजा करते हैं, जिन्हें “देवों के देव महादेव” कहा जाता है। करीब 44 प्रतिशत भारतीय महादेव की पूजा करते हैं, जिन्हें लोग उनकी अपार शक्ति और भोलेपन के कारण पसंद करते हैं।
महादेव के बाद कौन?
महादेव के बाद दूसरे नंबर पर भगवान हनुमान यानी बजरंग बली की पूजा की जाती है। यह आंकड़ा 35 प्रतिशत है, जो दर्शाता है कि हनुमान जी के भक्त उन्हें उनके अदम्य साहस और भक्ति के प्रतीक के रूप में पूजते हैं। इसके बाद 32 प्रतिशत लोग भगवान गणेश की पूजा करते हैं। गणेश जी की पूजा खास तौर पर गणेश चतुर्थी के दौरान बहुत धूमधाम से की जाती है, जहां हर उम्र और वर्ग के लोग उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं।
कितने प्रतिशत लोग भगवान राम की पूजा करते हैं?
इसके बाद 28 प्रतिशत लोग माता लक्ष्मी की पूजा करते हैं। लक्ष्मी जी को धन, सुख और समृद्धि की देवी माना जाता है और उनकी पूजा से परिवार में खुशहाली आती है। भगवान श्री कृष्ण की पूजा 21 प्रतिशत लोग करते हैं। कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर उनकी पूजा भव्य रूप से की जाती है, खासकर उत्तर भारत में। माता काली की पूजा 20 प्रतिशत लोग करते हैं, जिन्हें शक्ति का प्रतीक माना जाता है। भगवान राम की पूजा 17 प्रतिशत लोग करते हैं, खासकर राम नवमी के दिन।
कितने लोग भगवान विष्णु की पूजा करते हैं?
सर्वे के मुताबिक, 10 फीसदी लोग भगवान विष्णु और 8 फीसदी लोग देवी सरस्वती की पूजा करते हैं। यह सर्वे अमेरिका के मशहूर थिंक टैंक प्यू रिसर्च सेंटर ने किया है। इस सर्वे से साफ पता चलता है कि भारत में देवी-देवताओं की आस्था और पूजा की अनूठी परंपरा है, जो समाज के हर वर्ग में देखने को मिलती है।