India News (इंडिया न्यूज),Saturn Transit 2025: करीब ढाई साल के लंबे अंतराल के बाद शनि देव अपने घर कुंभ राशि से निकलकर मीन राशि में गोचर करेंगे। शनि का यह गोचर 29 मार्च को रात 10:07 बजे होगा। मीन राशि में आने के बाद शनि पिता सूर्य के साथ युति में होंगे। ज्योतिष में एक दूसरे के शत्रु माने जाने वाले पिता-पुत्र सूर्य-शनि की युति मेष और सिंह समेत कई राशियों के जीवन में बड़ी उथल-पुथल मचा सकती है। इसके अलावा शनि मीन राशि में राहु के साथ भी युति में रहेंगे। शनि और राहु की युति के कारण इन राशियों के लोगों को अपने करियर में अचानक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही व्यापार में भारी नुकसान होने की भी संभावना है। आइए देखते हैं शनि के गोचर को लेकर किन राशियों के लोगों को सतर्क रहना चाहिए। साथ ही जानते हैं शनि के प्रकोप से बचने के लिए कौन से उपाय आजमाने चाहिए।
मेष राशि पर शनि का प्रभाव
शनि आपके 12वें भाव में गोचर करेगा और इस गोचर के प्रभाव से आप पर शनि की साढ़ेसाती शुरू हो जाएगी। इस गोचर का मेष राशि वालों पर मिलाजुला असर रहेगा। इससे आपको विदेश यात्रा के अवसर मिलेंगे। हालांकि, खर्चे बढ़ेंगे, इसलिए सावधान रहें। आंखों, पैरों से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं आपको परेशान कर सकती हैं। यदि आप अंतरराष्ट्रीय व्यापार या किसी बहुराष्ट्रीय कंपनी से जुड़े हैं, तो आपको विदेशी स्रोतों से लाभ मिल सकता है। जुलाई से नवंबर तक शनि वक्री रहेंगे, जिससे स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। उपाय के तौर पर हर शनिवार को श्री बजरंग बाण का पाठ करें।
सिंह राशि पर शनि का प्रभाव
सिंह राशि के लिए शनि आपके अष्टम भाव में गोचर करेगा। अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें, पुराना रोग हो सकता है। छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज न करें। कर्ज चुकाने में सफल हो सकते हैं। कानूनी मामलों में सफलता मिलेगी, लेकिन अचानक खर्च भी होगा। ससुराल पक्ष से बातचीत बढ़ेगी। नौकरी में उतार-चढ़ाव हो सकता है, लेकिन शांति और मेहनत से सफलता मिलेगी। जुलाई से नवंबर तक कामकाज में उतार-चढ़ाव हो सकता है और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं। उपाय के तौर पर हर शनिवार महाराज दशरथ द्वारा रचित नील शनि स्तोत्र का पाठ करने से आपको लाभ होगा।
धनु राशि पर शनि का प्रभाव
धनु राशि वालों पर शनि की ढैय्या शुरू हो जाएगी। शनि आपके चौथे भाव में गोचर करेगा। इसके प्रभाव से आप अपने परिवार से दूर हो सकते हैं, काम या अन्य कारणों से आप अपना स्थान बदल सकते हैं। इससे परिवार में कलह हो सकती है। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। कानूनी मामलों में आपको सफलता मिल सकती है। काम में सफलता के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी होगी। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। अनुशासित जीवनशैली अपनाने से सफलता मिलेगी। जुलाई से नवंबर तक छाती में संक्रमण हो सकता है। माता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। उपाय के तौर पर हर शनिवार को काले तिल का दान करें।
मकर राशि पर शनि का प्रभाव
मकर राशि वालों के लिए शनि आपके तीसरे भाव में गोचर करेगा। इस गोचर का मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। छोटी यात्राओं और विदेश यात्रा के अवसर मिल सकते हैं। स्थान परिवर्तन भी हो सकता है। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में रुचि बढ़ेगी। भाई-बहनों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है, लेकिन उनके साथ संबंध अच्छे रहेंगे। जुलाई से नवंबर तक पाचन संबंधी समस्याओं और माता-पिता के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। जीवनसाथी को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो सकती है। आमदनी बढ़ाने के लिए आपको कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। परिवार में कलह और बचत में चुनौतियां हो सकती हैं। उपाय के तौर पर हर शनिवार को शनि चालीसा का पाठ करें।
मीन राशि पर शनि का प्रभाव
शनि आपकी राशि में गोचर करेगा। इसका आप पर काफी अच्छा प्रभाव पड़ेगा। भाई-बहनों के प्रति स्नेह बढ़ेगा। वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव आ सकते हैं। जीवनसाथी के स्वास्थ्य में परेशानी आ सकती है, जिससे रिश्तों में तनाव आ सकता है। व्यापारिक संबंधों के लिए यह समय अनुकूल है। नए व्यापारिक संपर्क बनेंगे। दीर्घकालिक व्यापारिक योजनाएं कारगर होंगी। नौकरीपेशा लोगों को समझदारी और मेहनत से काम लेने पर लाभ होगा, लेकिन मानसिक तनाव बना रहेगा। जुलाई से नवंबर तक मानसिक तनाव, शारीरिक परेशानियां और वैवाहिक संबंधों में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है। उपाय के तौर पर शनिवार को छाया दान करें।