India News (इंडिया न्यूज),Kinnar Akhara: प्रयागराज के महाकुंभ में ममता कुलकर्णी और आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी को किन्नर अखाड़े से निकाले जाने का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ममता कुलकर्णी को महामंडलेश्वर बनाए जाने से नाराज ऋषि अजय कुमार दास ने 31 जनवरी को बड़ी कार्रवाई करते हुए ममता कुलकर्णी और लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी दोनों को किन्नर अखाड़े से निष्कासित कर दिया। उनका आरोप है कि ममता कुलकर्णी को गलत तरीके से किन्नर अखाड़े का महामंडलेश्वर बनाया गया है। इस पर पलटवार करते हुए लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने ऋषि अजय कुमार दास से जुड़े कई खुलासे भी किए। इतना ही नहीं उन पर बड़े घोटाले का आरोप लगाया है। आइए जानते हैं कौन हैं ऋषि अजय कुमार दास?
कौन हैं ऋषि अजय कुमार दास?
ऋषि अजय कुमार दास खुद को किन्नर अखाड़े का संस्थापक बताते हैं। उन्होंने कहा है कि वे किन्नर अखाड़े के संस्थापक हैं, इसलिए उन्हें कोई नहीं हटा सकता। उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर 2015 को उन्होंने अपने उज्जैन आश्रम अध्यात्म वाटिका में किन्नर अखाड़े का गठन किया था, जिसका उद्देश्य किन्नरों को धर्म और आध्यात्म से जोड़कर उन्हें नई पहचान देना है। 2019 प्रयागराज अर्धकुंभ में किन्नर अखाड़े ने समझौता करके जूना अखाड़े से हाथ मिला लिया था। यह गैरकानूनी है, इसमें किन्नर अखाड़े के प्रतीकों को विकृत किया गया। किन्नर अखाड़े में वैजयंती माला पहनने की परंपरा है, जिसे इन लोगों ने बदलकर रुद्राक्ष धारण कर लिया। किन्नर अखाड़े के इष्टदेव अर्धनारीश्वर हैं।
अजय कुमार दास पर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी के खुलासे
किन्नर अखाड़े से निकाले जाने के बाद लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने अजय कुमार दास को लेकर कई खुलासे किए हैं।
- अजय कुमार दास का किन्नर अखाड़े से कोई संबंध नहीं है। उन्हें 2017 में ही किन्नर अखाड़े से निष्कासित कर दिया गया था।
- अजय कुमार दास शादीशुदा जीवन जी रहे हैं। उनकी पत्नी का नाम अर्चना है और उनकी एक बच्ची भी है, जो लड़की है।
- अजय कुमार दास ने उज्जैन के सिंहस्थ कुंभ में चढ़ावे के पैसे का गबन किया था। उन्होंने बहुत बड़ा घोटाला किया था।
- उन्होंने उज्जैन आश्रम अध्यात्म वाटिका को बेच दिया है, जिसके कारण उन्हें किन्नर अखाड़े से निष्कासित कर दिया गया था।
अजय कुमार दास के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी
किन्नर अखाड़े की आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा है कि अजय कुमार दास की क्या हैसियत है? क्या वह मुझे किन्नर अखाड़े से निष्कासित करेंगे? वह अजय दास के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही हैं।
अजय कुमार दास के सभी आरोपों को खारिज करते हुए लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी ने कहा कि किन्नर अखाड़े को अखाड़ा परिषद का समर्थन प्राप्त है। अजय कुमार दास को किन्नर अखाड़े से किसी को भी निकालने का अधिकार नहीं है।
अजय कुमार दास का विवादों से नाता रहा है
अजय कुमार दास का विवादों से नाता रहा है। उन्होंने एक किताब लिखी थी जिसका नाम था- विवाह एक नैतिक बलात्कार है। इस किताब पर बवाल मचा था और इसकी रिलीज रोक दी गई थी।