India News (इंडिया न्यूज),International Womens Day 2025:UPSC परीक्षा को देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में गिना जाता है, लेकिन दिल्ली की सृष्टि डबास ने अपनी कड़ी मेहनत और स्मार्ट स्ट्रेटजी से इसे पहली ही कोशिश में पास कर इतिहास रच दिया। सृष्टि ने सिविल सेवा परीक्षा 2023 में ऑल इंडिया रैंक (AIR) 6 हासिल कर सबको चौंका दिया। उनकी सफलता की कहानी उन लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो UPSC की तैयारी कर रहे हैं। आइए जानते हैं उनकी सफलता का राज।

दिल्ली की सृष्टि डबास ने किया कमाल

सृष्टि डबास का जन्म 13 अक्टूबर 1998 को दिल्ली में हुआ था। पढ़ाई में शुरू से ही अव्वल रहीं सृष्टि ने गंगा इंटरनेशनल स्कूल, दिल्ली से स्कूली शिक्षा पूरी की। उन्होंने CBSE 12वीं बोर्ड परीक्षा में 96.33% अंक हासिल किए थे। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के इंद्रप्रस्थ कॉलेज से राजनीति विज्ञान में स्नातक किया और फिर IGNOU से एमए भी पूरा किया।

नौकरी के साथ की UPSC की तैयारी

UPSC की तैयारी के दौरान सृष्टि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), मुंबई में ग्रेड II एचआर कर्मचारी के रूप में काम कर रही थीं। दिनभर की नौकरी के बाद वे रात में परीक्षा की तैयारी करती थीं। इससे पहले उन्होंने सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय में भी काम किया था। UPSC परीक्षा में सृष्टि ने लिखित परीक्षा में 862 अंक और इंटरव्यू में 186 अंक हासिल कर कुल 1048 अंक के साथ सफलता प्राप्त की। खास बात यह रही कि उन्होंने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के पाई।

इस खास अंदाज में CM नीतीश ने दी महिलाओं को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई; जान खिल उठेगा मन

कैसे किया टाइम मैनेजमेंट

सृष्टि ने एक इंटरव्यू में बताया कि नौकरी के साथ UPSC की तैयारी करना आसान नहीं था। लेकिन उन्होंने RBI की लाइब्रेरी और लंच ब्रेक का पूरा इस्तेमाल किया। उनकी रणनीति थी – रोजाना 6-7 घंटे की पढ़ाई, करंट अफेयर्स के लिए रोज़ 4 अखबार, और रिवीजन पर फोकस। उन्होंने UPSC उम्मीदवारों को सलाह दी कि सिर्फ कोचिंग पर निर्भर न रहें, बल्कि विभिन्न किताबों और ऑनलाइन रिसोर्स का सहारा लें।

कथक डांसर भी हैं सृष्टि

सृष्टि पढ़ाई के साथ-साथ एक प्रतिभाशाली कथक नृत्यांगना भी हैं। उनकी सफलता और सादगी ने सोशल मीडिया पर भी उन्हें खास पहचान दिलाई है। सृष्टि की यह कहानी साबित करती है कि अगर सही रणनीति और मजबूत इरादे हों, तो कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। सृष्टि डबास की यह सफलता हर UPSC अभ्यर्थी के लिए एक प्रेरणा है।