India News (इंडिया न्यूज), Anushka Sharma Insta Story: विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मंगलवार को वृंदावन के श्री राधाकेलुकुंज आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों ने आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त किया और नामजप का महत्व समझा। आश्रम में करीब साढ़े तीन घंटे बिताने के बाद वे बराह घाट के पास स्थित गौरांगी शरण महाराज से भी मिलने गए, जिन्हें प्रेमानंद महाराज का गुरु माना जाता है।
अनुष्का शर्मा ने शेयर किया पोस्ट
वृंदावन से आने के बाद अनुष्का शर्मा ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘इसलिए टेस्ट क्रिकेट में सिर्फ वही सफल हुए, जिनके पास कहने को कोई कहानी थी। लंबी कहानी जो कभी गीली, सूखी, देसी, विदेशी हर पिच पर लिखकर भी खत्म न हो।’ माना जा रहा है कि यह पोस्ट विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संभावित संन्यास और उनके लंबे संघर्षों की ओर इशारा करती है।
विराट सबसे सफल कप्तान
अनुष्का ने स्टैंड-अप कॉमेडियन वरुण ग्रोवर की एक पोस्ट शेयर करके इस बात का आईडिया दे दिया है कि विराट कोहली की कहानी कभी भी खत्म नहीं होगी। विराट कोहली भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में गिने जाते हैं। अपनी कप्तानी में उन्होंने भारत को 40 टेस्ट जीत दिलाई, जो किसी भी अन्य भारतीय कप्तान से कहीं ज़्यादा है।
अनुष्का ने दिया हर कदम पर साथ
विराट एक ऐसे खिलाड़ी रहे हैं जो मैदान पर अपनी भावनाओं को खुलकर जीते हैं। कभी आंसू तो कभी मुस्कान, उनका हर पल क्रिकेट प्रेमियों के दिलों में बसा है। अनुष्का शर्मा उनके हर उतार-चढ़ाव की गवाह रही हैं। जब पूरी दुनिया विराट के प्रदर्शन पर सवाल उठा रही थी, तब अनुष्का ने न सिर्फ़ उनका साथ दिया बल्कि आध्यात्मिक रास्ता भी सुझाया।
पहले भी विराट-अनुष्का पहुंचे हैं वृंदावन
यह पहली बार नहीं है जब विराट और अनुष्का महाराज जी के दरबार में पहुंचे हैं। इससे पहले भी वे जनवरी 2023 और ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद वहां गए थे। उस समय विराट ने महाराज जी से पूछा था कि असफलता से कैसे उबरें, तो उन्हें जवाब मिला था, “कोशिश करते रहो।” इसके कुछ समय बाद ही विराट ने श्रीलंका के खिलाफ़ 160 रनों की शानदार पारी खेली।