India News (इंडिया न्यूज), Arijit Singh Birthday: बॉलीवुड के सबसे दिल छू लेने वाले सिंगर्स में शुमार अरिजीत सिंह आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। 25 अप्रैल 1987 को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में जन्मे अरिजीत की आवाज ने न सिर्फ करोड़ों दिलों को छुआ है, बल्कि उन्हें संगीत की दुनिया में एक अलग ही ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। उनकी मखमली आवाज और इमोशंस से भरी सिंगिंग ने उन्हें आज के सबसे बेहतरीन सिंगर्स की लिस्ट में शामिल किया है। आइए आज उनके जन्मदिन के मौके पर उनके जीवन से जुड़े कुछ अहम किस्सों पर नज़र डालते हैं, जो उनके करियर की कहानी बयां करते हैं।

म्यूजिक इंडस्ट्री में ऐसे कमाया नाम

अरिजीत सिंह की संगीत यात्रा की शुरुआत टीवी रियलिटी शो ‘फेम गुरुकुल’ से हुई थी। हालांकि वे इस शो को जीत नहीं पाए, लेकिन उन्होंने हार मानने के बजाय खुद को और निखारा। इसके बाद उन्होंने ’10 के 10 ले गए दिल’ में हिस्सा लिया और यह शो जीत लिया। इस शो से मिली प्राइज मनी से उन्होंने मुंबई में अपना खुद का रिकॉर्डिंग स्टूडियो खड़ा किया, जिसने उन्हें बतौर म्यूजिक प्रोड्यूसर और सिंगर एक नई शुरुआत दी। बॉलीवुड में अरिजीत का पहला गाना था ‘फिर मोहब्बत’ जो साल 2011 में फिल्म मर्डर 2 में रिलीज हुआ। यह गाना मिथुन ने कंपोज किया था और अरिजीत ने इसे 2009 में ही रिकॉर्ड कर लिया था। यह गाना उनके संघर्ष और सब्र का प्रतीक बना, जिसने उन्हें म्यूजिक इंडस्ट्री के प्रमुख डायरेक्टर्स की नजर में लाकर खड़ा कर दिया।

भारत छोड़िए पहलगाम हमले पर अमेरिका ने दिया ऐसा जवाब, मुंह ताकता रह गया पाकिस्तानी पत्रकार. भरी महफिल में दिखा दी कंगाल पाक को उसकी औकात

आशिकी 2 ने चमकाया करियर

लेकिन अरिजीत के करियर का असली टर्निंग पॉइंट 2013 में आया, जब उन्होंने फिल्म आशिकी 2 का गाना ‘तुम ही हो’ गाया। इस गाने को मिथुन ने कंपोज किया था और प्रीतम की सिफारिश पर अरिजीत को यह मौका मिला। अरिजीत की भावनात्मक अदायगी ने इस गाने को अमर बना दिया और यह गाना रातोंरात सुपरहिट हो गया। इसके साथ ही उन्हें पहला फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। हालांकि सफलता के साथ विवाद भी अरिजीत के हिस्से आए। 2014 में एक अवॉर्ड शो के दौरान सलमान खान और अरिजीत सिंह के बीच कहासुनी हो गई। अवॉर्ड लेने स्टेज पर पहुंचे अरिजीत ने सलमान के मजाक पर पलटकर जवाब दे दिया, जिसे सलमान ने अपमानजनक समझा। इसके बाद सलमान ने कथित तौर पर अरिजीत को अपनी फिल्मों से दूर रखने का फैसला कर लिया।

सलमान खान से लिया पंगा

इस विवाद का असर 2016 में देखने को मिला, जब सलमान खान की फिल्म सुल्तान के लिए अरिजीत ने ‘जग घूमेया’ गाना रिकॉर्ड किया था, लेकिन बाद में इसे हटाकर राहत फतेह अली खान से गवाया गया। इस बात से आहत होकर अरिजीत ने सलमान से फेसबुक पोस्ट के जरिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, जिसमें उन्होंने लिखा कि वह सिर्फ एक गाना गाकर रिटायर होना चाहते हैं। लेकिन सलमान ने माफी स्वीकार नहीं की और यह गाना रिलीज नहीं हुआ। 2019 में संजय लीला भंसाली की फिल्म इंशाअल्लाह में सलमान खान और आलिया भट्ट नजर आने वाले थे, हालांकि फिल्म बाद में बंद हो गई। उस वक्त खबरें आईं कि सलमान से विवाद के चलते भंसाली ने अरिजीत को गाने का मौका नहीं दिया, जिससे उनके फैंस में मायूसी देखी गई।

कैसे हुआ सलमान संग विवाद का अंत?

लंबे समय बाद 2023 में फिल्म टाइगर 3 में अरिजीत और सलमान के बीच सुलह की खबरें आईं। इस फिल्म में अरिजीत ने सलमान के लिए गाना गाया, जो हिट रहा और दोनों के बीच बरसों पुराना विवाद खत्म हुआ माना गया। 2025 में सलमान की फिल्म सिकंदर के गाने ‘हम आपके बिना’ में भी अरिजीत की आवाज सुनने को मिली, जिसने दोनों के बीच सुलह की पुष्टि कर दी। जहां एक तरफ अरिजीत को शोहरत और सफलता मिली, वहीं दूसरी ओर उनकी जिंदगी में कुछ डरावने पल भी आए। 2016 में खबरें आईं कि उन्हें अंडरवर्ल्ड से 5 करोड़ की फिरौती के लिए धमकी मिली थी। हालांकि इस मामले पर उन्होंने कभी खुलकर बात नहीं की, लेकिन उनके फैंस इस खबर से काफी चिंतित हो गए थे।

विनय नरवाल के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला, कहा- परिवार के साथ-साथ पूरे देश की आत्मा छलनी हो गई