India News (इंडिया न्यूज), Ayesha Takia Husband: आयशा टाकिया के ससुर और पति दोनों के ऊपर ही मुसीबतें एक साथ टूट पड़ी हैं। जिसको लेकर अभिनेत्री परेशान हैं। दरअसल आयशा टाकिया समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अबू आजमी के बेटे फरहान आजमी की पत्नी हैं। हाल ही में दोनों बाप-बेटे ने कुछ ऐसा कर दिया है जिसका जल्दी सिमट पाना मुश्किल है। आइये जानते हैं दोनों ने क्या कांड किए हैं। दरअसल, आयशा टाकिया के ससुर अबू आजमी ने हाल ही में औरंगजेब की तारीफ कर दी थी जो करना उन्हें महंगा पड़ गया। उन्हें विधानसभा से निलंबित कर दिया गया है। आपको बता दें कि 3 मार्च को सपा नेता अबू आजमी ने मुगल शासक औरंगजेब की तारीफ की थी। इसके बाद देश में बयानों का दौर शुरू हो गया था। अबू आजमी ने कहा था, ”औरंगजेब एक न्यायप्रिय राजा था। उसके कार्यकाल में ही भारत सोने की चिड़िया बना। मैं औरंगजेब को क्रूर शासक नहीं मानता। औरंगजेब के समय में धर्म की नहीं, शासन की लड़ाई थी, हिंदू-मुसलमानों की लड़ाई नहीं थी। औरंगजेब ने अपने कार्यकाल में कई हिंदू मंदिरों का निर्माण कराया। औरंगजेब के बारे में गलत इतिहास दिखाया जा रहा है।” इसके बाद से ये मुद्दा तूल पकड़ता चला गया और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार (5 मार्च) को कहा था कि अबू आजमी के बयान से महाराष्ट्र की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इसके लिए उन्हें कड़ी सजा दी जाएगी। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें निलंबित किया जाएगा।
बयान को वापस लेते हुए मांगी माफी
इसके बाद सपा विधायक अबू आजमी ने औरंगजेब को लेकर दिए गए अपने बयान को वापस लेते हुए मंगलवार (5 मार्च) को माफी भी मांगी थी। अबू आजमी ने अपने बयान पर सफाई देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। मैंने औरंगजेब रहमतुल्लाह अलीह के बारे में वही बात कही है, जो इतिहासकारों और लेखकों ने कही है।” अबू आजमी ने आगे लिखा, ”मैंने छत्रपति शिवाजी महाराज, संभाजी महाराज या किसी अन्य महापुरुष के बारे में कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है। लेकिन फिर भी अगर मेरे बयान से किसी को ठेस पहुंची है तो मैं अपने शब्द, अपना बयान वापस लेता हूं।” अब बात उनके बेटे फरहान आजमी की करते हैं। हाल ही में फरहान आजमी को लेकर भी बवाल मचा हुआ है।
फरहान आजमी के खिलाफ मारपीट और हंगामे का मामला दर्ज
दरअसल, गोवा पुलिस ने समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आजमी के बेटे और अभिनेत्री आयशा टाकिया के पति फरहान आजमी के खिलाफ मारपीट और हंगामे का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि उन्होंने सार्वजनिक स्थान पर लोगों को धमकाया और उपद्रव मचाया। कहा जा रहा है कि फरहान ने वहां मौजूद लोगों को यह तक कहा कि उनके पास लाइसेंसी बंदूक है। मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिस को दखल देना पड़ा। अब इस पूरे विवाद पर आयशा टाकिया ने चुप्पी तोड़ते हुए सोशल मीडिया पर अपनी बात रखी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लंबा पोस्ट लिखकर पति का समर्थन किया और दावा किया कि असल में फरहान और उनके बेटे को गोवा में कुछ स्थानीय लोगों ने परेशान किया था।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार रात गोवा के कैंडोलिम इलाके में हुई, जहां फरहान आजमी और तीन अन्य स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि यह बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि फरहान ने उन्हें धमकाया और कहा कि उनके पास लाइसेंसी बंदूक है। इसके बाद इलाके में हंगामा मच गया और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने फरहान और तीन अन्य के खिलाफ मारपीट और उपद्रव फैलाने का केस दर्ज कर लिया।
आयशा टाकिया ने दी सफाई
पति पर लगे आरोपों के बाद आयशा टाकिया ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा। उन्होंने लिखा कि उनके पति और बेटे के साथ वहां के स्थानीय लोगों ने गलत व्यवहार किया और उन्हें घंटों तक परेशान किया गया। आयशा ने लिखा, “यह हमारे परिवार के लिए एक डरावनी रात थी। मेरे पति और बेटे को धमकाया गया, उन्हें चारों तरफ से घेर लिया गया और बार-बार ताने दिए गए। स्थानीय लोगों ने महाराष्ट्र से होने और बड़ी गाड़ी रखने को लेकर उन्हें निशाना बनाया।” उन्होंने आगे कहा, “फरहान ने ही पुलिस को 100 नंबर पर कॉल करके मदद मांगी थी, लेकिन उल्टा उनके ही खिलाफ केस दर्ज कर दिया गया।”
‘गोवा में महाराष्ट्र के लोगों के खिलाफ नफरत’- आयशा टाकिया
आयशा टाकिया ने दावा किया कि उनके पास इस पूरी घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज और वीडियो क्लिप्स हैं, जो उनके पति की बेगुनाही साबित कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि उनका परिवार कानूनी प्रक्रिया का पालन कर रहा है और उन्हें पूरा विश्वास है कि न्याय मिलेगा। आयशा ने यह भी आरोप लगाया कि गोवा में महाराष्ट्र के लोगों के प्रति नफरत बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा, “स्थानीय लोग बार-बार फरहान और मेरे बेटे को महाराष्ट्र से होने और लग्जरी कार रखने को लेकर ताने मार रहे थे।” इसके बाद भी आयशा अपने पति के पक्ष में न जानें कितने पोस्ट सोशल मीडिया पर कर चुकी हैं। उनके पति और पति दोनों पर ही मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है।