India News (इंडिया न्यूज), Madhuri Dixit Birthday: बॉलीवुड में धक-धक गर्ल के नाम से मशहूर माधुरी दीक्षित आज यानी 15 मई को अपना 58वां जन्मदिन मना रही हैं। अपनी एक्टिंग, डांस और मुस्कान से लाखों दिलों पर राज करने वाली ‘धक-धक गर्ल’ जितनी मशहूर रहीं, उतनी ही विवादों से भी घिरी रहीं। खासकर साल 1993 उनके करियर और निजी जिंदगी दोनों के लिए काफी मशहूर रहा।
माधुरी के इस गाने पर हुआ था विवाद
इस साल माधुरी दीक्षित की सुपरहिट फिल्म ‘खलनायक’ रिलीज हुई। सुभाष घई के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त और जैकी श्रॉफ मुख्य भूमिका में थे। फिल्म के एक गाने ‘चोली के पीछे क्या है’ को लेकर काफी विवाद हुआ था। इस गाने पर अश्लीलता फैलाने का आरोप लगा और इस पर बैन लगाने की मांग की गई। मामला कोर्ट तक पहुंचा लेकिन कोर्ट ने इसे खारिज कर दिया और कहा कि गाने में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं है।
संजय दत्त के साथ जुड़ा रिश्ता
इस गाने को अलका याग्निक और इला अरुण ने गाया था, जिसके बोल आनंद बख्शी ने लिखे थे और संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने दिया था। कोरियोग्राफी मशहूर सरोज खान ने की थी। तमाम विरोध के बावजूद यह गाना काफी हिट रहा और इसके 90 लाख से ज्यादा कैसेट बिक गए। इसके लिए अलका और इला को फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला। फिल्म में माधुरी के साथ संजय दत्त, जैकी श्रॉफ, अनुपम खेर, राखी, राम्या कृष्णन, नीना गुप्ता और एके हंगल जैसे सितारे नजर आए थे। लेकिन फिल्म से ज्यादा माधुरी और संजय दत्त का रिश्ता सुर्खियों में रहा।
माधुरी पर ‘घर तोड़ने’ का लगा आरोप
संजय दत्त की पहली पत्नी ऋचा शर्मा उस समय ब्रेन ट्यूमर का इलाज करा रही थीं और अमेरिका में थीं। इस बीच फिल्मी पत्रिकाओं में माधुरी और संजय के बीच नजदीकियों की खूब चर्चा हुई। ऋचा की बहन एना ने माधुरी पर ‘घर तोड़ने’ का आरोप लगाया था। ऋचा ने भी एक इंटरव्यू में माधुरी को ‘एक शादीशुदा आदमी के साथ संबंध रखने वाली महिला’ बताया था।
मुंबई बम धमाकों के बाद तोडा रिश्ता
हालांकि, 1993 में मुंबई बम धमाके के बाद संजय दत्त की गिरफ्तारी के बाद माधुरी ने उनसे सारे रिश्ते तोड़ लिए। कुछ साल बाद यानी 1999 में माधुरी ने अमेरिकी मूल के डॉक्टर श्रीराम नेने से शादी कर ली। आज वे दो बेटों की मां हैं और एक संतुलित पारिवारिक जीवन जी रही हैं।