India News (इंडिया न्यूज), Michelle Trachtenberg Passed Away: ‘गॉसिप गर्ल’ में जॉर्जिना स्पार्क्स और ‘बफी द वैम्पायर स्लेयर’ में डॉन समर्स के किरदारों के लिए मशहूर हॉलीवुड अभिनेत्री मिशेल ट्रेचटेनबर्ग ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। 39 साल की उम्र में उनका निधन हो गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बुधवार सुबह उनकी मां ने उन्हें न्यूयॉर्क शहर में उनके अपार्टमेंट के अंदर बेहोशी की हालत में पाया। इसके बाद मैनहट्टन पुलिस को बुलाया गया, जिन्होंने पुष्टि की कि जब वे मौके पर पहुंचे तो वह बेहोश पाई गईं हैं।

घटनास्थल पर ही मृत घोषित हुईं

पुलिस ने पुष्टि की कि उन्हें घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया था। हालांकि, उनकी मौत को अभी तक संदिग्ध नहीं माना जा रहा है। उनके परिवार ने बीबीसी को दिए गए आधिकारिक बयान में इस दुखद खबर की पुष्टि की। बयान में कहा गया, ‘बहुत दुख के साथ हम मिशेल ट्रेचटेनबर्ग के निधन की सूचना दे रहे हैं। परिवार इस कठिन समय में गोपनीयता की अपील करता है।’

अमीरों की दुनिया में चल रहा मूर्खों वाला कॉम्पीटीशन, सोने से पोता प्राइवेट जेट…4 हजार करोड़ का महल भी काफी नहीं, जानें कौन हैं ये अमीरजादे?

यहूदी अप्रवासी परिवार से थीं एक्ट्रेस

मिशेल ट्रेचेनबर्ग का जन्म 11 अक्टूबर 1985 को न्यूयॉर्क में हुआ था। वह एक यहूदी अप्रवासी परिवार से ताल्लुक रखती थीं, जहाँ उनके पिता जर्मनी से और उनकी माँ रूस से थीं। 2013 में, उनकी माँ ने उन्हें एक भूमिका के लिए रूसी भाषा सीखने में मदद की। उनके दादा-दादी इज़राइल में रहते हैं। उन्होंने अपना बचपन ब्रुकलिन के शीप्सहेड बे इलाके में बिताया और अपनी बड़ी बहन आइरीन के साथ पली-बढ़ीं। उन्होंने ‘द बे एकेडमी फॉर द आर्ट्स एंड साइंसेज’ से पढ़ाई की और बाद में लॉस एंजिल्स चली गईं, जहाँ उन्होंने ‘नोट्रे डेम हाई स्कूल’ से अपनी पढ़ाई पूरी की।

मिशेल ट्रेचेनबर्ग का कैसा रहा करियर?

मिशेल ने अपने करियर की शुरुआत 1996 में की थी। उन्होंने फिल्म ‘हैरियट द स्पाई’ में मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म ने उन्हें बच्चों के बीच काफी मशहूर कर दिया। इसके बाद उन्होंने ‘यूरोट्रिप’, ’17 अगेन’ और ‘आइस प्रिंसेस’ जैसी कई हिट फिल्मों में काम किया। 2001 में उन्होंने डिस्कवरी चैनल के शो ट्रुथ ऑर स्केयर को होस्ट किया और इसके लिए उन्हें डेटाइम एमी अवॉर्ड के लिए नामांकित किया गया।

गॉसिप गर्ल में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

वे सिक्स फीट अंडर, वीड्स और गॉसिप गर्ल जैसी मशहूर टीवी सीरीज़ में भी नज़र आईं। गॉसिप गर्ल में उनकी भूमिका, जिसमें उन्होंने एक स्मार्ट और तेज दिमाग वाली लड़की का किरदार निभाया था, दर्शकों को खूब पसंद आई। इस भूमिका के लिए उन्हें 2012 में टीन च्वाइस अवॉर्ड के लिए नामांकित किया गया था। 2009 में एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, ‘बुरे किरदार निभाना हमेशा मजेदार होता है। मुझे यह देखना अच्छा लगता है कि लोग कैसे रिएक्ट करते हैं।’ उन्होंने 2021 में आई गॉसिप गर्ल की नई सीरीज़ में भी अपना पुराना किरदार निभाया। इसके अलावा वे फ़ॉल आउट बॉय के गाने ‘दिस इज़ नॉट ए सीन, इट्स एन आर्म्स रेस’ के म्यूज़िक वीडियो में भी नज़र आईं। उनके प्रशंसक उन्हें बहुत पसंद करते हैं और उनसे बहुत प्यार करते हैं। उनकी बहुत बड़ी फैन फॉलोइंग है।

हर महीने कमाता है 6 लाख लेकिन सरकार को दिखा देता है टेक्स के नाम पर ठेंगा, इस सोशल मीडिया यूज़र ने खोली सारी पोल-पट्टी!