India News (इंडिया न्यूज), Munawwar Faruqui: अपनी कॉमेडी से लोगों को हसाने वाले मशहूर कॉमेडियन और ‘बिग बॉस 17’ के विनर मुनव्वर फारुकी ने मेरठ पुलिस द्वारा जारी एक आदेश पर आपत्ति जताई है। मेरठ पुलिस ने सार्वजनिक सड़कों पर ईद की नमाज़ न पढ़ने की चेतावनी दी है। इस पर कॉमेडियन ने अपने सोशल मीडिया हैंडल के ज़रिए अपना गुस्सा ज़ाहिर किया है। दरअसल, यह आदेश 28 मार्च को रमजान के आखिरी जुमे की नमाज़ और ईद-उल-फितर को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। जिसमें उल्लंघन करने वालों के पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने समेत कानूनी कार्रवाई की बात कही गई है।
मुनव्वर को स्वीकार नहीं पुलिस का आदेश?
अब मुनव्वर फारुकी ने पुलिस के इस आदेश पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर की। जिसमें मुनव्वर ने पुलिस पर अपना गुस्सा निकाला। उन्होंने लिखा, ‘ये 30 मिनट की नमाज़ के लिए? क्या अब हिंदुस्तान की सड़कों पर कोई त्यौहार नहीं मनाया जाएगा?’ मुनव्वर के इस पोस्ट पर अब कई नेटिजन्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश की आलोचना करते हुए इसे भेदभाव बताया।
मुनव्वर का विवादों से रहा है पुराना नाता
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब मुनव्वर ने देश के ऐसे मुद्दे पर अपनी आवाज उठाई हो। इससे पहले भी वह कई बार कानूनी पचड़ों में फंस चुके हैं। साल 2021 में उन्हें अपने एक स्टैंड-अप परफॉर्मेंस के दौरान कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार भी किया गया था। इस मामले में मुनव्वर को करीब एक महीने तक जेल में भी रहना पड़ा था। मुनव्वर फारुकी कई रियलिटी शो में नजर आ चुके हैं। वह दो रियलिटी शो ‘लॉकअप’ और ‘बिग बॉस 17’ में नजर आए थे। उन्होंने दोनों शो की ट्रॉफी जीती थी।