India News (इंडिया न्यूज), Padma Awards 2025: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 28 अप्रैल को राष्ट्रपति भवन में आयोजित भव्य समारोह में देश के 71 विशिष्ट नागरिकों को पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किया। इनमें 4 को पद्म विभूषण, 10 को पद्म भूषण और 57 को पद्म श्री सम्मान दिया गया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कई बॉलवुड हस्तियों को मिला सम्मान
मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियों को इस वर्ष सम्मानित किया गया है। तमिल सिनेमा के सुपरस्टार अजित कुमार को पद्म भूषण से नवाजा गया। समारोह में वे मुस्कुराते हुए पुरस्कार स्वीकारते नजर आए। उनकी पत्नी शालिनी, बेटी अनुष्का और बेटा आद्विक भी मौजूद रहे। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से उन्हें ‘भारतीय सिनेमा के सबसे बहुआयामी कलाकारों में एक’ बताया गया, जिनकी अभिनय क्षमता के साथ-साथ समाजसेवा और मोटरस्पोर्ट्स में उपलब्धियों को भी सराहा गया। तेलुगु सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नंदमुरी बालकृष्ण को भी पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। उनके लंबे फिल्मी करियर के साथ-साथ एक कैंसर अस्पताल के अध्यक्ष के रूप में गरीब और जरूरतमंद मरीजों की सेवा को विशेष रूप से मान्यता दी गई।
पंकज उधास को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया
शेखर कपूर, जिन्होंने ‘मासूम’, ‘मिस्टर इंडिया’ और ‘बैंडिट क्वीन’ जैसी फिल्में बनाई हैं, को भी पद्म भूषण मिला। उन्हें भारतीय सिनेमा की परिभाषा बदलने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने के लिए यह सम्मान मिला। राष्ट्रपति के पोस्ट में उन्हें ‘दूरदर्शी फिल्म निर्माता’ कहा गया, जिनकी रचनात्मकता अगली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। इसके अलावा संगीतकार रिकी केज और दिवंगत गायक पंकज उधास को भी पद्म सम्मान दिया गया। पंकज उधास को मरणोपरांत पद्म श्री से सम्मानित किया गया, जो उनकी पत्नी फरीदा पंकज उधास ने ग्रहण किया।
देश में कई प्रतिभाओं को पद्म श्री सम्मान प्राप्त हुआ
देश के विभिन्न हिस्सों से भी कई प्रतिभाओं को पद्म श्री सम्मान प्राप्त हुआ। इनमें उत्तर प्रदेश से डॉ. श्याम बिहारी अग्रवाल, केरल से डॉ. के. ओमानाकुट्टी अम्मा, असम के जॉयनचारण बथारी, राजस्थान की बेगम बतूल, मध्य प्रदेश के बेहरू सिंह चौहान, बिहार की निर्मला देवी, दिल्ली के प्रो. भरत गुप्त, सिक्किम के नरेन गुरुंग, और महाराष्ट्र के पं. रोनू मजूमदार जैसे नाम शामिल हैं। ओडिशा से अद्वैत चरण गडनायक और दुर्गा चरण रणबीर, आंध्र प्रदेश के डॉ. मधुगुला नागफणी शर्मा और स्वर्गीय मिरियाला अप्पाराव को भी यह सम्मान मिला। अप्पाराव की ओर से उनकी बेटी यादवल्ली श्रीदेवी ने पुरस्कार प्राप्त किया।
राज्यों में बेहतरीन काम करने वाले लोगों को पद्म श्री से नवाजा गया
पश्चिम बंगाल, पंजाब, गुजरात और कर्नाटक से भी विभिन्न क्षेत्रों में बेहतरीन काम करने वालों को पद्म श्री से नवाजा गया। इन सम्मानों के माध्यम से भारत सरकार ने न केवल सिनेमा और संगीत जैसे कला क्षेत्रों को मान्यता दी है, बल्कि समाज सेवा, साहित्य, शिक्षा और पारंपरिक ज्ञान को भी सराहा है। इस बार के पद्म पुरस्कार यह दर्शाते हैं कि देश विविध क्षेत्रों में योगदान देने वालों को पहचान देता है, चाहे वे जनमानस में हों या गुमनाम रहकर सेवा कर रहे हों।