India News (इंडिया न्यूज), Pahalgam Attack: हाल ही में जम्मू-कश्मीर का जन्नत कहा जाने वाले इलाका पहलगाम निर्दोष लोगों के खून से रंग गया। देश-दुनिया में इस आतंकी हमले को लेकर बहुत गुस्सा भरा है। सोशल मीडिया से लेकर लोगों के घर-घर में इस बात पर चर्चा हो रही है। आतंकवादियों की इस कायराना हरकत पर बॉलीवुड सेलेब्रिटीज में भी उबाल है। तमाम सेलेब्स ने इस हमले की निंदा की है इसी के बीच अब ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा और शाहरुख़ खान और सलमान खान ने भी हमले को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हमले की कड़ी निंदा की उन्होंने और इसमें जिन लोगों ने अपनी जान गवाई उनके परिवारों के लिए दुःख व्यक्त किया है।
क्या बोले सलमान खान?
अपने ट्वीट में पहलगाम की घटना पर बोलते हुए बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने कहा, ‘उन्होंने धरती के स्वर्ग कश्मीर को नर्क में बदल दिया है। निर्दोष लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। मेरी संवेदनाएं उनके परिवारों के साथ हैं। एक भी निर्दोष को मारना पूरे ब्रह्मांड को मारने के बराबर है।’
प्रियंका चोपड़ा ने जताया दुःख
प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा- “पहलगाम में जो हुआ, वह निंदनीय है। लोग वहां छुट्टियां मनाने, हनीमून मनाने, अपने परिवार के साथ जश्न मनाने आए थे। वे बस कश्मीर की खूबसूरती का लुत्फ उठा रहे थे। कई मासूम लोगों की जिंदगी तूफान की भेंट चढ़ गई, जिसकी उन्हें कभी उम्मीद नहीं थी। उन्हें उनके चाहने वालों के सामने निशाना बनाया गया। यह ऐसी घटना नहीं है जिसे हम भूलकर आगे बढ़ सकें। यह हमें लंबे समय तक सताती रहेगी। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जो इस हमले से प्रभावित हुए हैं।”
शाहरुख ने संवेदनाएं व्यक्त की
शाहरुख खान ने लिखा- “पहलगाम में हुई हिंसा पर दुख और गुस्से को शब्दों में बयां करना मुश्किल है। ऐसे समय में हम केवल प्रभावित परिवारों के लिए भगवान से प्रार्थना कर सकते हैं और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर सकते हैं। आइए हम एक राष्ट्र के रूप में एकजुट हों और मजबूत बनें।”
आलिया भट्ट ने पोस्ट कर क्या लिखा?
न सिर्फ प्रियंका बल्कि आलिया भट्ट भी पहलगाम हमले से बेहद दुखी हैं। आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम में लिखा कि, “पहलगाम से जो खबर आई है वो दिल दहला देने वाली है। निर्दोष लोगों की जान चली गई। वहां गए पर्यटक, परिवार और लोग बस उस खूबसूरती का लुत्फ उठा रहे थे, शांति की तलाश कर रहे थे, जिंदगी जी रहे थे, लेकिन अब उनकी जिंदगी में सिर्फ दुख है। हर बार जब ऐसा कुछ होता है, तो यह हमारी इंसानियत को खत्म कर देता है। भगवान इस हमले में मारे गए लोगों की आत्मा को शांति दे।”
क्या बोलीं अनुष्का शर्मा ?
अनुष्का शर्मा ने भी इंस्टा पर पोस्ट कर लिखा, “कश्मीर के पहलगाम में निर्दोष लोगों पर हुए भयानक आतंकवादी हमले के बारे में सुनकर दिल टूट गया। उनके परिवारों के प्रति संवेदना। यह बहुत दर्दनाक हमला है जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।”