India News (इंडिया न्यूज), Sanoj Mishra Rape Case: महाकुम्भ वायरल गर्ल मोनालिसा को फिल्म ऑफर करने वाले निर्देशक सनोज मिश्रा को रेप केस में दिल्ली हाईकोर्ट ने जमानत दे दी है। पीड़िता ने हलफनामा दाखिल कर सनोज मिश्रा पर लगाए आरोपों को वापस लिया है जिसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने डायरेक्टर को जमानत पर रिहा कर दिया है। आरोप लगाने वाली पीड़ित ने हलफनामे में कहा कि वह निर्देशक सनोज मिश्रा के संग आपसी सहमति से लिव-इन रिलेशनशिप में थी। आरोप लगाने वाली महिला ने यह भी कहा कि वो विरोधियों की बातों में आ गई थी जिसके बाद उसने सनोज मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज कराया था। बता दें, दिल्ली पुलिस ने महिला के आरोपों के आधार पर सनोज मिश्रा को गिरफ्तार किया था।
लंबे समय से जेल में बंद थे सनोज
सनोज मिश्रा को 30 मार्च के दिन IPC धारा 376, 354सी, 313, 323 और 506 के तहत दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से ही सनोज मिश्रा जेल में बंद थे। दिल्ली हाईकोर्ट से उनकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद उन्हें दिल्ली नबी करीम पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उस समय बयान में कहा था कि कस्बे की एक लड़की ने सनोज मिश्रा पर कई बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। सनोज ने इस लड़की को अभिनेत्री बनने का सपना दिखाया था। लड़की ने आरोप लगाया था कि सनोज ने उसे फिल्म में काम दिलाने के बहाने अपने पास बुलाया था। लड़की ने दावा किया था कि सनोज ने उसका यौन शोषण किया और धमकी भी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे इंडस्ट्री में काम नहीं मिलेगा।
घटना पर लड़की ने दी सफाई
सनोज मिश्रा पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली लड़की ने एक वीडियो शेयर कर पूरी घटना पर सफाई दी है। सनोज मिश्रा ने खुद अपने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया है। लड़की ने वीडियो में यह भी दावा किया कि उसने वसीम नाम के एक शख्स के बहकावे में आकर सनोज पर आरोप लगाया था। उसने मोनालिसा की फिल्म को रोकने की कोशिश की थी।