करनाल- इशिका ठाकुर India News (इंडिया न्यूज), CM Nayab Saini : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को करनाल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आपातकाल की 50वीं बरसी पर कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 25 जून 1975 को देश के संविधान और लोकतंत्र पर जो हमला हुआ, वह आजाद भारत का सबसे काला अध्याय है। उन्होंने इसे कांग्रेस की सत्ता लोलुपता का परिणाम बताया और कहा कि 21 महीने तक लोग जेलों में सड़ते रहे। उन्होंने कहा कि “जितने अत्याचार कांग्रेस ने किए, उतने तो अंग्रेजों ने भी नहीं किए थे।” CM Nayab Saini
CM Nayab Saini : आधी रात को लोगों को जबरन घरों से उठाया गया
मुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौर में लोकतंत्र की हत्या कर दी गई थी। आधी रात को लोगों को जबरन घरों से उठाया गया, नेताओं, पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेलों में ठूंस दिया गया और जनता की आवाज को पूरी तरह दबा दिया गया।
सीएम सैनी ने कहा कि आपातकाल का विरोध केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि हरियाणा के लोग भी उस आंदोलन की अगली कतार में थे। उन्होंने जननायक देवीलाल, डॉ. मंगलसेन समेत कई नेताओं के उदाहरण देते हुए कहा कि इन सभी ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए जेल की यातनाएं सहीं। CM Nayab Saini
किताब लेकर घूमने वालों ने कभी संविधान का सम्मान नहीं किया’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आज जो लोग संविधान की किताब लेकर घूम रहे हैं, उन्होंने कभी संविधान या डॉ. अंबेडकर का सम्मान नहीं किया। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को देश से माफी मांगनी चाहिए – न सिर्फ आपातकाल के लिए, बल्कि 1984 के दंगों जैसे कृत्यों के लिए भी। CM Nayab Saini
25 जून को भारत कभी नहीं भूल सकता”
सीएम सैनी ने कहा कि 25 जून केवल एक तारीख नहीं है, बल्कि लोकतंत्र पर हमले की वह काली रात है जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। उन्होंने इसे ‘संविधान हत्या दिवस’ करार देते हुए कहा कि यह दिन हर भारतीय को याद रखना चाहिए, ताकि फिर कभी कोई भी सत्ता में आकर संविधान को कुचलने की हिम्मत न करे।
CM Nayab Saini : राहुल गांधी पर तीखा तंज: “बच्चों जैसी बातें करते हैं”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अब 55 साल के हो चुके हैं लेकिन आज भी बच्चों जैसी बातें करते हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग भाजपा पर संविधान को खतरे में डालने का आरोप लगाते हैं, उन्हें खुद के कार्यकाल का आईना देखना चाहिए। हरियाणा में कानून व्यवस्था के सवाल पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार सख्त रवैया अपनाएगी।
उन्होंने कहा कि “कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। बिजली दरों को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध पर मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल की याद करनी चाहिए। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने तो सरचार्ज तक माफ कर दिया, कपड़े फाड़ने से पहले कांग्रेस को अपने वक्त का बिजली रेट देखना चाहिए।” CM Nayab Saini
सरकारी कर्मचारियों की तरह चिकित्सा सुविधा देने की व्यवस्था की
नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 में सत्ता संभालते ही राज्य सरकार ने हरियाणा में लोकतंत्र सेनानियों की सुध ली और 26 जून, 2015 को रोहतक में पहला ‘लोकतंत्र सेनानी सम्मान समारोह‘ आयोजित किया। उस समय हमारी सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान में कई घोषणाएं की थीं। उनको अमल में लाते हुए सरकार ने लोकतंत्र सेनानियों को जीवनसाथी सहित सरकारी कर्मचारियों की तरह चिकित्सा सुविधा देने की व्यवस्था की।
सामान्य बसों में मुफ्त यात्रा और वोल्वो बसों में 75 प्रतिशत किराया माफ किया
हरियाणा रोडवेज की सामान्य बसों में मुफ्त यात्रा और वोल्वो बसों में 75 प्रतिशत किराया माफ किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सेनानियों के लिए मासिक पेंशन शुरू की, जिसे अब बढ़ाकर 20 हजार रुपये मासिक कर दिया गया है। इस समय प्रदेश में 501 लोकतंत्र सेनानियों व उनकी विधवाओं को पेंशन दी जा रही है। इनमें करनाल जिले के भी 53 लोकतंत्र सेनानी शामिल हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आह्वान किया कि आज सब मिलकर संकल्प ले कि संविधान की रक्षा के लिए सदैव सजग रहेंगे, लोकतंत्र को फिर कभी किसी तानाशाही प्रवृत्ति का शिकार नहीं होने देंगे और युवाओं को सही इतिहास से अवगत कराएंगे, ताकि वे सच्चे नागरिक बनें सके। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि “हमारी सरकार का हर निर्णय लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान को सशक्त करने के लिए है। 25 जून हमें याद दिलाता है कि सत्ता की भूख में लोकतंत्र को कुचलने वालों को देश कभी माफ नहीं करता।
ये रहे मौजूद
इस मौके पर नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, मेयर रेनू बाला गुप्ता, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीन अत्रे, शहीदी स्मारक अंबाला के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी, मुख्यमंत्री के मीडिया र्कोडिनेटर तुषार सैनी, भाजपा के जिला अध्यक्ष प्रवीन लाठर, सांसद प्रतिनिधि कविंद्र राणा, जिला प्रभारी भारत भूषण जुयाल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एडवोकेट वेदपाल के अलावा जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त उत्तम सिंह, पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया भी उपस्थित थे। CM Nayab Saini