इंडिया न्यूज, हरियाणा:
शहर की अनाज मंडी में रविवार को किसानों की बड़ी महापंचायत (Mahapanchayat of farmers) हुई। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने शिरकत की। महापंचायत में गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि मोदी सरकार राजहठ कर रही है। रावण ने  राजहठ किया था तो उसका राज व परिवार दोनों तबाह हो गए थे, वही हाल पीएम मोदी का होने वाला है। मोदी सरकार किसानों का हक न छीने। चढूनी ने कहा कि जब तक किसान जीत नहीं जाते सरकार की लाठियां खाता रहेगा। अब कनपटी पर पिस्तौल नहीं कानून बनाकर लूटा जा रहा है। जबतक कॉरपोरेट के दलाल सत्ता से बाहर नहीं होंगे लूट का खेल चलता रहेगा। गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि किसान तब तक लड़ेंगे जब तक जीतते नहीं, बिना हाथ उठाए लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने फैसला लिया है कि जब तक आचार संहिता लागू नहीं होती राजनीतिक दल चुनाव प्रचार शुरू न करें। उन्होंने कहा कि वे पंजाब में चुनाव नहीं लड़ेंगे। मिशन पंजाब मेरा निजी विचार है। उनके विचार के मुताबिक पंजाब की जनता को सभी पार्टियों से राज छीन लेना चाहिए। गुरनाम चढूनी ने कहा कि 27 सितंबर को भारत बंद का आह्वान संयुक्त किसान मोर्चा ने किया है। इन दिन भारत बंद रहेगा। भारत बंद को लेकर प्रचार अभियान चलाया जा रहा है।