India News (इंडिया न्यूज),benefites of Cumin seeds: अक्सर पेट खराब रहता है, खाने के बाद खट्टी डकारें आती हैं, पाचन ठीक नहीं रहता, पेट फूला रहता है, अपच रहता है, खट्टी डकारें आती हैं, पेट ठीक नहीं रहता, पेट में हमेशा कुछ न कुछ परेशानी रहती है तो समझ लीजिए कि आपका पाचन तंत्र खराब है। खराब पाचन के लिए गलत खान-पान, बिगड़ती लाइफस्टाइल और तनाव जिम्मेदार हैं। देश-दुनिया में लाखों लोग पाचन से जुड़ी इस समस्या से जूझ रहे हैं। माना जाता है कि आयुर्वेद में पाचन से जुड़ी समस्याओं का सबसे अच्छा इलाज है। आयुर्वेदिक विशेषज्ञ स्वामी ध्यान नीरव जी ने बताया कि अगर आप पेट की इन सब समस्याओं से परेशान हैं और डॉक्टर की दवाइयां खा-खाकर थक चुके हैं तो आपको किचन में मौजूद एक मसाले का सेवन करना चाहिए।
यह मसाला है फायदेमंद
हम बात कर रहे हैं जीरे की, जिसका सेवन हम अपने रोजाना के खाने में कई तरह से करते हैं। जीरा एक बेहद फायदेमंद मसाला है जो खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ ही पाचन क्रिया को भी दुरुस्त करता है। अपने औषधीय गुणों के कारण यह कई तरह की बीमारियों में काम आता है। विशेषज्ञों ने बताया कि जीरा पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है और भूख बढ़ाता है। कुछ लोगों को खाने के तुरंत बाद अपच, गैस, पेट दर्द और पेट फूलने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। गैस्ट्रिक समस्याओं से राहत दिलाने में जीरा जादुई असर करता है। आइए विशेषज्ञों से जानते हैं कि जीरे को भूनकर चबाने से पाचन क्रिया कैसे बेहतर होती है और जीरे का सेवन हम और किस तरह कर सकते हैं।
खाने के बाद जीरा चबाने से पाचन पर असर
भोजन के बाद भुना हुआ जीरा चबाने से पाचन एंजाइम उत्तेजित होते हैं। जीरा भूनकर चबाने से खाना जल्दी पचता है। भुना हुआ जीरा पाचन एंजाइम के उत्पादन को बढ़ाता है, जिससे पेट में गैस, अपच और ऐंठन जैसी समस्याओं से राहत मिलती है। जिन लोगों को खाने के बाद खट्टी डकारें आती हैं, पेट फूल जाता है और गैस की समस्या होती है, उनके लिए जीरे का सेवन रामबाण है।
पाचन तंत्र के लिए चमत्कार
जीरा खाने से पेट में गैस्ट्रिक जूस का उत्पादन बढ़ता है, जो भोजन को जल्दी पचाने में मदद करता है और भूख बढ़ाता है। भुने हुए जीरे का पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में जादुई असर होता है। यह पेट के अंदर सूजन को नियंत्रित करता है और आंतों को मजबूत बनाता है। यह आंतों के संकुचन को नियंत्रित करता है, जिससे पाचन प्रक्रिया बेहतर होती है। जिन लोगों को सीने में जलन, एसिडिटी और अपच की समस्या है, उन्हें भुना हुआ जीरा चबाना चाहिए।
पाचन के लिए जीरे का पानी पिएं
एक बर्तन में एक गिलास पानी लें और उसमें आधा चम्मच जीरा डालकर कुछ देर तक उबालें। जब आधा पानी रह जाए तो इसे छान लें। इस पानी को धीरे-धीरे, एक-एक घूंट करके पिएं। यह पानी पेट की गैस, पेट फूलने और सूजन से राहत दिलाएगा।