India News (इंडिया न्यूज),Unhealthy Intestine: आपने अक्सर बड़े-बुजुर्गों को कहते सुना होगा कि पेट खुश तो शरीर खुश। यानी पूरे शरीर की सेहत हमारी आंत की सेहत से जुड़ी हुई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी इस बात से सहमत हैं। हम दिनभर जो भी खाते हैं, वह हमारे पेट में जाता है, जहां पाचन तंत्र उसे सही तरीके से पचाता है और शरीर के लिए ऊर्जा पैदा करता है। हालांकि आजकल का खान-पान और लाइफ़स्टाइल ऐसा हो गया है कि लोगों में पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। इस चक्कर में कई बार खाना ठीक से पच नहीं पाता और आंतों में सड़ने लगता है।
शुरु हो सकती हैं गंभीर बीमारियां
अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए तो यह गंभीर बीमारियों का कारण भी बन सकता है। ऐसे में आज हम आपको शरीर में दिखने वाले कुछ सामान्य लक्षणों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन पर आपको समय रहते ध्यान देने की जरूरत है। अचानक भूख न लगना पेट में खाना ठीक से न पचने की वजह से कई बार भूख लगना भी बंद हो जाता है। अगर आपको अचानक भूख में कमी महसूस हुई है या घंटों भूखे रहने के बाद भी आपको ज्यादा भूख नहीं लग रही है, तो आपको अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए। अगर आपका मनपसंद खाना सामने होने पर भी आपको खाने का मन करता है, तो यह इस बात का संकेत है कि आपका पाचन ठीक नहीं है।
पेट से जुड़ी बार-बार होने वाली समस्या
जिन लोगों का पाचन ठीक नहीं होता, उन्हें हमेशा पेट से जुड़ी कोई न कोई समस्या रहती है। उन्हें आमतौर पर कुछ भारी खाने के बाद भी पेट फूलना, एसिडिटी, कब्ज, गैस या उल्टी या जी मिचलाना जैसी समस्या होती है। ऐसे लोगों का पेट भी ठीक से साफ नहीं होता और उन्हें शौच में भी दिक्कत होती है। अगर आपको भी कई दिनों से ये लक्षण दिख रहे हैं, तो आपको एक बार डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
जीभ पर जमी मोटी सफेद परत
हमारी जीभ हमारे शरीर में पनप रही कई बीमारियों का संकेत देती है। ऐसे में अगर आपको जीभ पर मोटी सफेद परत जमी दिखे, तो यह आपके खराब पाचन तंत्र का संकेत हो सकता है। दरअसल, खराब पाचन के कारण बैक्टीरिया के पनपने और यीस्ट इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है, जो जीभ पर मोटी सफेद परत के रूप में जमा हुआ दिखाई देता है। अगर आपको भी ऐसी कोई समस्या हो रही है, तो आपको अपने पाचन पर ज्यादा ध्यान देने की जरूरत है।
बालों और त्वचा पर भी दिखता है असर
खराब पाचन का असर बालों और त्वचा पर भी साफ तौर पर दिखता है। खराब पाचन की वजह से बालों को सही पोषण नहीं मिल पाता, जिससे बालों का झड़ना, समय से पहले सफेद होना और बालों का पतला होना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा चेहरे पर पिंपल्स, एग्जिमा, सोरायसिस जैसी त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। साथ ही त्वचा अधिक रूखी और बेजान दिखने लगती है।
गैस पास करने या डकार लेने में दिक्कत
अगर पेट में गया खाना ठीक से पच नहीं पाता है, तो आपको गैस पास करने में भी दिक्कत आ सकती है। अगर गैस पास करते समय आपको पेट में दर्द महसूस होता है या डकार लेते समय सीने में जलन या दर्द होता है, तो ये भी खराब पाचन के संकेत हैं। इसके अलावा शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर न निकल पाने की वजह से भी दुर्गंध की समस्या पैदा होती है। कई बार ब्रश करने और नहाने के बाद भी शरीर और मुंह से दुर्गंध आती रहती है, जो भी खराब पाचन की निशानी है।