India News (इंडिया न्यूज़), Constipation Remedies: आजकल की जीवनशैली और खान-पान की आदतें कब्ज जैसी समस्याओं को बढ़ावा दे रही हैं। आधुनिक जीवनशैली में कई बदलाव हुए हैं, जो पाचन तंत्र पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं और कब्ज की समस्या को जन्म देते हैं। बता दें कि आधुनिक भोजन में फाइबर की मात्रा कम होती जा रही है। जंक फूड और प्रोसेस्ड फूड जैसे पैक्ड स्नैक्स, बर्गर, पिज्जा आदि खाने से शरीर में फाइबर की कमी हो जाती है। फाइबर हमारी आंतों को स्वस्थ रखने और कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद करता है।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर कब्ज की समस्या को दूर किया जा सकता है और शरीर को बेहतर कामकाज दिया जा सकता है। ऐसे में लंबे समय से कब्ज से परेशान लोगों के लिए जीरा और अजवाइन मिलाकर छाछ पीना एक कारगर घरेलू उपाय हो सकता है। छाछ, जीरा और अजवाइन का मिश्रण पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद करता है और कब्ज की समस्या को कम कर सकता है। यह मिश्रण गैस, अपच और पेट की अन्य समस्याओं से भी राहत दिलाता है।
इसे ऐसे बनाएं ये ड्रिंक
- एक गिलास ताजा छाछ लें।
- इसमें एक चम्मच भुना जीरा पाउडर और आधा चम्मच अजवाइन पाउडर मिलाएं।
- आप इस मिश्रण में एक चुटकी काला नमक भी मिला सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़िया हो जाएगा।
- इसे अच्छे से मिलाएं और सुबह या दोपहर के खाने के बाद पिएं।
यह मिश्रण कैसे काम करता है
छाछ: छाछ प्रोबायोटिक्स का एक अच्छा स्रोत है, जो पाचन तंत्र में अच्छे बैक्टीरिया के संतुलन को बनाए रखता है। यह पेट को ठंडा करता है और आंतों को स्वस्थ रखता है।
जीरा: जीरे में सूजन-रोधी गुण होते हैं जो गैस और एसिडिटी को कम करने में मदद करते हैं। यह पाचन एंजाइमों को सक्रिय करता है, जिससे भोजन का उचित पाचन होता है।
अजवाइन: अजवायन में थाइमोल नामक यौगिक होता है, जो पाचन में सहायता करता है और कब्ज से राहत दिलाने में मदद करता है।
Disclaimer: इंडिया न्यूज़ इस लेख में सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए बता रहा हैं। इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।