Stomach Pain: आज-कल खराब दिनचर्या और गलत खानपान के चलते पेट दर्द आम समस्या बन गई है। इसके कईं अन्य कारण भी हो सकते हैं। बता दें कि सामान्य तौर पर गैस और अपच की वजह से पेट दर्द की समस्या होती है। हालांकि, पथरी, अल्सर और हर्निया की वजह से भी पेट में तेज दर्द होता है। इस स्थिति में व्यक्ति को काफी पीड़ा होती है। कभी-कभार दर्द असहनीय हो जाता है। कुछ लोग पेट दर्द से निजात पाने के लिए दवाइयों का सहारा भी लेते हैं। हालांकि, किचन में मौजूद चीजों के इस्तेमाल से भी पेट दर्द की समस्या से निजात पाया जा सकता हैं। यहां जानिए, इन चीज़ों के सेवन से पेट दर्द से तुरंत निजात पा सकता हैं।

पुदीना का सेवन करें

पुदीना की तासीर ठंडी होती है। पेट दर्द और गैस की समस्या में पुदीना का सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके लिए एक गिलास पानी में पुदीना मिलाकर सेवन करें। आप चाहे तो पुदीना की पत्तियों को पीसकर पानी के साथ सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा, पुदीना की पत्तियों को पानी में उबालकर भी सेवन कर सकते हैं। इससे भी पेट दर्द की समस्या दूर होती है।

हींग का सेवन करें

पेट संबंधी विकारों के लिए हींग रामबाण दवा है। पुराने समय से हींग का सेवन पाचन तंत्र को मजबूत रखने के लिए किया जाता है। पेट दर्द होने पर हींग का सेवन कर सकते हैं। इससे पेट दर्द, गैस और बदहजमी में राहत मिलता है। इसके लिए सबसे पहले हींग को भून लें। फिर एक गिलास गुनगुने गर्म पानी में हींग और सेंधा मिलाकर सेवन करें। आप चाहे तो हींग पाउडर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके सेवन से पेट दर्द में बहुत जल्द आराम मिल सकता है।

अदरक का सेवन करें

अदरक में एंटी इन्फ्लेमेटरी, एंटी बैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट के गुण पाए जाते हैं। इसके सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है। पेट दर्द की समस्या में आप अदरक का सहारा ले सकते हैं। इसके सेवन से हाजमा दुरुस्त होता है। आप अदरक को पानी में उबालकर भी सेवन कर सकते हैं। इससे भी फायदा मिलेगा।

सौंफ का सेवन करें

पुराने समय में खाना खाने के बाद हाजमा दुरुस्त रखने के लिए सौंफ का सेवन किया जाता था। ऐसा कहा जाता है कि सौंफ के सेवन से पाचन तंत्र मजबूत होता है। साथ ही खाना सही से पचता है। सौंफ के सेवन से गैस और बदहजमी की समस्या दूर होती है। पेट दर्द की समस्या को दूर करने के लिए सौंफ का सेवन कर सकते हैं। आप चाहे तो काढ़ा बनाकर सेवन कर सकते हैं। इस उपाय को करने से पेट दर्द में आराम मिलता है।