India News (इंडिया न्यूज), Risk Of Heat Stroke In Summer Season: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों की सेहत पर असर डाल रही है। ऐसे मौसम में डाइट का ख्याल रखना बेहद जरूरी हो जाता है। विशेषज्ञों की मानें तो गर्मियों में कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं, जो शरीर के तापमान को तेजी से बढ़ा सकते हैं। इनके ज्यादा सेवन से डिहाइड्रेशन, हीट एग्जॉशन और यहां तक कि हीट स्ट्रोक का भी खतरा हो सकता है। इसलिए जरूरी है कि इन चीज़ों का सेवन या तो पूरी तरह से टालें या बहुत सीमित मात्रा में करें।
गर्मियों में इन चीजों से बचना क्यों है जरूरी?
गर्मी में शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड बनाए रखना सबसे अहम होता है। कुछ मौसमी फल जैसे खीरा, ककड़ी, तरबूज, खरबूजा आदि शरीर को ठंडक देते हैं, लेकिन दूसरी ओर, कुछ खाने-पीने की चीज़ें ऐसी होती हैं जो शरीर की अंदरूनी गर्मी को बढ़ा देती हैं। इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ आम फूड्स जैसे अल्कोहल, कैफीन और तैलीय भोजन शरीर की मेटाबॉलिक हीट को बढ़ा देते हैं जिससे डिहाइड्रेशन और थकान की स्थिति पैदा हो सकती है।
पैरों में अक्सर सूजन का आ जाना किस बीमारी का होता है रेड अलर्ट? जानकर आप भी रह जाएंगे हैरान
अल्कोहल और कैफीन
अल्कोहल ड्यूरेटिक प्रभाव डालता है यानी ये शरीर से पानी जल्दी बाहर निकालता है जिससे डिहाइड्रेशन हो सकता है। साथ ही, इससे शरीर का तापमान भी बढ़ जाता है। यही हाल कैफीन का भी है। अधिक मात्रा में चाय, कॉफी या कैफीन युक्त ड्रिंक्स लेने से शरीर में पानी की कमी हो सकती है।
नमक, मसाले और फ़ास्ट फ़ूड
गर्मियों में अधिक सॉल्टी फूड खाने से भी परहेज करना चाहिए क्योंकि ये शरीर में पानी की कमी को और बढ़ा सकते हैं। ऐसे फूड्स आपको ज्यादा प्यासा बनाते हैं और हीट रिटेंशन बढ़ाते हैं। दालचीनी, अदरक, लहसुन जैसे मसाले भी शरीर की गर्मी बढ़ाने के लिए जाने जाते हैं। इन्हें ठंड के मौसम में तो फायदेमंद माना जाता है लेकिन गर्मियों में इनका अधिक सेवन शरीर को नुकसान पहुंचा सकता है।
अंडा और आम
अंडा और आम दोनों ही स्वादिष्ट और पोषक होते हैं, लेकिन इनकी तासीर गर्म मानी जाती है। गर्मियों में अंडे का रोज़ाना सेवन या आम की अधिक मात्रा शरीर के तापमान को असंतुलित कर सकती है। आम का सेवन करने से पहले उसे कुछ घंटों तक पानी में भिगोकर रखने की सलाह दी जाती है जिससे उसकी गर्म तासीर थोड़ी कम हो जाती है।
हाई फैट और मीठे फूड्स
फैटी फूड्स शरीर के मेटाबोलिज़्म को तेज़ करते हैं, जिससे हीट प्रोडक्शन बढ़ जाता है। साथ ही, अत्यधिक शुगर युक्त ड्रिंक्स और मिठाइयां ब्लड शुगर को असंतुलित कर सकती हैं और थकान व डिहाइड्रेशन का कारण बन सकती हैं।
डॉक्टरों की सलाह
डॉक्टर और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि गर्मियों में ताजे फल, सब्जियां, दही, छाछ, नींबू पानी जैसे कूलिंग फूड्स का सेवन बढ़ाएं। शरीर को ठंडा और हाइड्रेटेड रखना ही इस मौसम में स्वस्थ रहने की सबसे बड़ी कुंजी है। गर्मी का मौसम शरीर पर ज्यादा दबाव डालता है। ऐसे में खानपान को लेकर लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को जन्म दे सकती है। यदि आप इस तरह के खाने को खाने से बचते हैं तो न केवल शरीर का तापमान कण्ट्रोल में रहेगा, बल्कि आप हीट स्ट्रोक और डिहाइड्रेशन से भी सुरक्षित रह सकते हैं।