India News (इंडिया न्यूज),Himachal: हिमाचल के कई भागों में माैसम ने फिर करवट बदली है। रोहतांग सहित प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी दर्ज की गई है वहीं सुबह शिमला में हल्के फाहे गिरने के साथ बूंदाबांदी हुई। हालांकि, दोपहर तक माैसम साफ हो गया। उधर, तापमान में काफी गिरावट से ठंड बढ़ गई है। अटल टनल रोहतांग सहित लाहाैल के अन्य भागों में बर्फबारी हुई है।
अनावश्यक रूप से यात्रा न करें
इसके अलावा रोहतांग दर्रा, कोकसर, सिस्सू क्षेत्र में भी बर्फबारी दर्ज की गई है। कुल्लू में सुबह से बादल छाए रहे। कुल्लू से सुबह 7:18 बजे एचआरटीसी की एक बस केलांग के लिए भेजी गई थी। लेकिन खराब मौसम के चलते मनाली से वापस आई। एसपी लाहौल-स्पीति मयंक चौधरी ने लोगों को सलाह दी है कि आपातकालीन स्थिति को छोड़कर अनावश्यक रूप से यात्रा न करें।
वृद्धि होने की संभावना
आपकी जानाकरी के लिए बता दें कि शिमला जिले के नारकंडा व अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी सुबह बर्फबारी हुई। नारकंडा क्षेत्र में बर्फबारी से एनएच 5 पर बर्फ जमा होने की वजह से पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात को सैंज से शिमला के लिए लूहरी-सुन्नी के रास्ते डायवर्ट कर दिया। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में लगभग 4-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। इसके बाद, अगले 3-4 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 4-5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के आसार हैं। अगले 1-2 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। फिर अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे लगभग 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।