India News (इंडिया न्यूज), Himachal news : हिमाचल प्रदेश के पांच जिलों के लिए तीन दिन तक कड़ाके की शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार अगले 7 दिन तक निचले पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर शीतलहर चलने का अनुमान है।
18 से 20 दिसंबर के दौरान बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और ऊना जिलों के कुछ क्षेत्रों में कड़ाके की शीतलहर का नारंगी-पीला अलर्ट जारी किया गया है। उधर, अलर्ट के बीच मंगलवार को ऊना, सुंदरनगर, हमीरपुर और बिलासपुर में भी शीतलहर दर्ज की गई। प्रदेश में न्यूनतम तापमान छह स्थानों पर माइनस और पांच स्थानों पर शून्य दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले सात दिन तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, किन्नौर जिले के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। अगले 48 घंटे तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।
इसके बाद अगले 2-3 दिन तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। 16 दिसंबर को कल्पा में दिसंबर में दूसरा सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान (18.9 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया। दिसंबर में इससे पहले सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान (19.0 डिग्री सेल्सियस) 1991 में दर्ज किया गया था। 16 दिसंबर को शिमला में अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 2017 के बाद दिसंबर में दूसरा सबसे ज़्यादा तापमान था। 2017 में यह 21.3 डिग्री सेल्सियस था।