India News (इंडिया न्यूज),Himachal: पिछले 8 सालों में HRTC के वोल्वो रूट करीब आधे हो गए हैं जबकि बाहरी राज्यों के ऑपरेटरों द्वारा चलाए जा रहे रूट करीब दोगुने हो गए हैं। मनाली-दिल्ली, शिमला-दिल्ली, धर्मशाला-दिल्ली सहित कई अन्य रूटों पर पहले के मुकाबले वोल्वो सेवाएं कम हो गई हैं। हालांकि निगम ने हिम दर्शन डीलक्स बस सेवा का भी संचालन शुरू किया है।
15 से 20 निजी वोल्वो चल रही हैं
आपको बता दें कि मनाली-दिल्ली रूट पर पहले जहां HRTC 7 वोल्वो चलाता था अब 4 ही वोल्वो का संचालन हो रहा है। बाहरी राज्यों के निजी वोल्वो ऑपरेटर नियमित तौर पर 25 से 30 वोल्वो चला रहे हैं, टूरिस्ट सीजन में इनकी संख्या 150 से 200 वोल्वो रोजाना पहुंच जाती हैं। शिमला-दिल्ली रूट पर HRTC की वोल्वो सेवा 11 से घटकर 6 हो गई है। हालांकि 3 हिम दर्शन डीलक्स बस सेवा शुरू की गई है। इस रूट पर रोजाना 15 से 20 निजी वोल्वो चल रही हैं।
किराया भी HRTC से कम रहता है
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि धर्मशाला-मैक्लोडगंज-दिल्ली रूट पर पहले निगम की 4 वोल्वो चलती थीं अब 1 ही वोल्वो और 2 हिम दर्शन बसें चल रही हैं, जबकि 10 से 15 निजी वोल्वो रोजाना संचालित हो रही हैं। मनाली-चंडीगढ़ रूट पर पहले HRTC 4 वोल्वो चला रहा था, अब 4 वोल्वो के साथ 1 हिम दर्शन बस भी चलाई जा रही है। निजी वोल्वो संचालक इस रूट पर 25 से 30 वोल्वो चला रहे हैं। निजी वोल्वो में HRTC की तर्ज पर ऑनलाइन सीट बुकिंग की सुविधा दी जा रही है। किराया भी HRTC से कम रहता है।