India News (इंडिया न्यूज), Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में मौसम में बदलाव आने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ (WD) आज से सक्रिय हो रहा है, जो 4 जनवरी की रात से और अधिक प्रभावी होगा। इस दौरान, 5 और 6 जनवरी को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान है। हल्की बर्फबारी 7 जनवरी तक जारी रह सकती है।
इन जिलों में होगी भारी बर्फबारी
IMD के अनुसार, आज और कल चंबा, किन्नौर, कुल्लू, और लाहौल स्पीति जिले के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 5 और 6 जनवरी को इन इलाकों के साथ-साथ शिमला, कांगड़ा और मंडी की ऊंची चोटियों पर भी बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, 27-28 दिसंबर की बर्फबारी के बाद लाहौल स्पीति क्षेत्र में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ताबो में न्यूनतम तापमान -16.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है।
Bihar Weather: सावधान! कोल्ड वेव से होंगे परेशान, IMD ने जारी किया बड़ा अपडेट
प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में वृद्धि देखी गई है, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक हो गया है। शिमला का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री ज्यादा होकर 7.6 डिग्री तक पहुंच गया है। इसी तरह, डलहौजी, बिलासपुर और मनाली का तापमान भी सामान्य से अधिक हो गया है। मनाली में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
इन जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
इसके अलावा, मौसम विभाग ने 7 जिलों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी, सोलन, और सिरमौर जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में कोहरा इतना घना हो सकता है कि विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिर सकती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।