India News (इंडिया न्यूज), Himachal Weather Update: हिमाचल प्रदेश में हुई बर्फबारी और बारिश से किसानों और बागवानों को बड़ी राहत मिली है। राज्य के छह जिलों में हिमपात और मैदानी क्षेत्रों में बारिश ने गेहूं, सब्जियों और सेब की फसलों को नई ऊर्जा दी है। लंबे समय से बारिश न होने के कारण फसलों पर संकट मंडरा रहा था। शिमला के नारकंडा और कुफरी में बर्फबारी हुई, जबकि शिमला शहर में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, रोहतांग दर्रे में दो फीट और अटल टनल के दोनों छोर पर डेढ़ फीट बर्फबारी हुई।
सड़कें बर्फ से ढकी
बर्फबारी से किसानों के साथ-साथ पर्यटन उद्योग में भी उत्साह है। लाहुल घाटी में दारचा से तिंदी तक सड़कें बर्फ से ढकी हुई हैं। मनाली और सोलंगनाला में बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए पर्यटक भी पहुंच रहे हैं। हालांकि, भारी बर्फबारी के कारण 71 सड़कें बंद हो गई हैं और 191 ट्रांसफार्मर व 55 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
धूप और ठंड की आंखमिचौली, छत्तीसगढ़ में ठंडक से मिलेगी राहत! जाने IMD का अनुमान
शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी जिलों में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सात फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं चलेंगी। इसके बाद आठ फरवरी से एक बार फिर मौसम के बदलने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश के हवाई और रेल यातायात पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। कालका-शिमला ट्रेनें समय पर चल रही हैं, जबकि कुछ ट्रेनों में मामूली देरी दर्ज की गई।
प्रदेश में ठंड का बढ़ा असर
बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश में ठंड का असर बढ़ गया है। शिमला में तापमान सात डिग्री, डलहौजी में 11, मनाली में 10 और भुंतर में 6.2 डिग्री तक गिर गया है। कोठी में 33 सेंटीमीटर, केलंग में नौ सेंटीमीटर और कल्पा में 5.1 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। कांगड़ा, करसोग और कसोल जैसे इलाकों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
भोपाल मेट्रो का जल्द शुरू होगा सफर, जानें रूट, सुविधाएं और फायदा