India News (इंडिया न्यूज),Pahalgam Terror Attack:पहलगाम में हुए आतंकी हमले में करनाल निवासी नेवी लेफ्टिनेंट विनय कुमार (26) शहीद हो गए। उनकी शादी गुरुग्राम निवासी हिमांशी से 16 अप्रैल को मसूरी में हुई थी। 19 अप्रैल को रिसेप्शन था। नवविवाहिता दो दिन पहले हनीमून मनाने जम्मू-कश्मीर गई थी।यह गनीमत रही कि हिमांशी आतंकियों के निशाने से बच निकली। घटना की खबर मिलते ही परिवार देर शाम जम्मू के लिए रवाना हो गया। विनय कुमार के पिता राजेश कुमार पानीपत के जीएसटी ऑफिस में सुपरिंटेंडेंट हैं।
तीन साल पहले नेवी में भर्ती हुए थे विनय
हिमांशी दिल्ली यूनिवर्सिटी से पीएचडी कर रही हैं। उनके पिता सुनील कुमार हरियाणा सरकार में अधिकारी हैं। अपने माता-पिता के इकलौते बेटे विनय तीन साल पहले नेवी में भर्ती हुए थे और कोच्चि में तैनात थे। वे अभी वैवाहिक अवकाश पर आए थे।विनय का परिवार मूल रूप से करनाल के भुसली गांव का रहने वाला है और फिलहाल सेक्टर-7 में रह रहा है। विनय का जन्मदिन एक मई को है। हिमांशी ने फोन पर परिवार को आतंकी हमले की जानकारी दी। सभी स्तब्ध रह गए।
जम्मू के लिए रवाना हो गई बहन
दादा हवा सिंह और परिवार की महिलाओं को देर रात तक विनय की हत्या की जानकारी नहीं दी गई। घर के बाहर बड़ी संख्या में रिश्तेदार और परिचित मौजूद थे। विनय की छोटी बहन सृष्टि रात में ही जम्मू के लिए रवाना हो गई।
गुजरात के पिता-पुत्र की भी मौत
मृतकों में पहलगाम के सैयद आदिल हुसैन शाह की भी मौत हो गई है। नेपाल के सुदीप नेउपाने भी आतंकियों का शिकार बने और उनकी मौत हो गई। आतंकियों ने पहलगाम में सिर्फ पुरुषों को निशाना बनाया है। उन्होंने महिलाओं पर गोली नहीं चलाई है।गुजरात से 3 लोगों की मौत हुई है। इसमें एक पिता-पुत्र भी शामिल हैं। गुजरात के भावनगर निवासी यतेश परमार और उनके बेटे सुमित परमार की मौत हो गई है। इनके अलावा सूरत के शैलेशभाई हिम्मतभाई कलथिया की भी मौत हो गई है। महाराष्ट्र और गुजरात के अलावा उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, ओडिशा, केरल, चंडीगढ़, कर्नाटक और अरुणाचल प्रदेश के लोग भी आतंकी हमले में मारे गए हैं।