(इंडिया न्यूज) गुजरात में बीते 24 दिसंबर को सेना के एक जवान की पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सभी 7 आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीते 24 दिसंबर को मृतक बीएसएफ जवान मेल्जीभाई वाघेला अपनी बेटी का वायरल वीडियो बनाने वाले आरोपी के घर पहुंचे। कुछ देर की बहस के बाद आरोपी शैलेश जादव व उसके अन्य साथियों के द्वारा धारदार हथियार से बीएसएफ जवान मेल्जीभाई वाघेला के उपर हमला कर दिया गया। जिसमें कुछ देर बाद ही उनकी मौके पर मौत हो गई।
15 वर्षीय छात्र ने छात्रा का बनाया आपत्तिजनक वीडियो
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपित लड़के की उम्र 15 वर्ष है। लड़का और BSF जवान की बेटी दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे। लड़के ने पीड़ित लड़की का आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था और उसे ऑनलाइन पोस्ट कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार, वीडियो में आरोपित लड़का भी दिख रहा है। इसी बात की शिकायत करने BSF जवान शनिवार (24 दिसंबर, 2022) रात अपनी पत्नी, दो बेटों और भांजे के साथ लड़के के घर गया। उसी दिन उनकी पीटकर हत्या कर दी गई।
मृतक के बेटे ने घटना पर जानकारी देते हुए कहा कि जब मेरे माता-पिता और भाई वीडियो वायरल करने वालों से बात करने गए, तो कुछ लोगों ने पीछे से आकर मेरे पिता के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मेरे भाई के सिर में चोटें आईं और मेरी मां को भी पीटा गया। पुलिस ने घटना की जानकारी के बाद आरोपी की छानबीन कर गिरफ्तार किया है।