India News (इंडिया न्यूज),Delhi: देश की राजधानी से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां एक होटल में सोशल मीडिया पर दोस्त बने एक व्यक्ति ने कथित तौर पर ब्रिटिश महिला के साथ बलात्कार किया। हालांकि यह यही खत्म नहीं हुई और जब वह मदद मांगने गई तो होटल की लिफ्ट में एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ छेड़छाड़ की। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
महिपालपुर इलाके का है मामला
घटना दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के महिपालपुर इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि वह सोशल मीडिया पर आरोपी से मिली थी। वे नियमित रूप से बातचीत करने लगे और उसने व्यक्तिगत रूप से उससे मिलने के लिए भारत आने का फैसला किया।
भारत पहुंचने के बाद उसने महिपालपुर में एक होटल का कमरा बुक किया, जो इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास है। मंगलवार को आरोपी महिला से मिलने होटल गया। हालांकि, ब्रिटिश महिला को लगा कि वह उसके साथ अनुचित व्यवहार करने की कोशिश कर रहा है, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई।
पीड़िता ने लगाया आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके बाद आरोपी ने उसके साथ बलात्कार किया। ब्रिटिश महिला ने दावा किया कि उसने शोर मचाया और होटल के रिसेप्शन तक पहुंचने में कामयाब रही। हालांकि, मदद करने के बहाने एक अन्य व्यक्ति ने होटल की लिफ्ट में उसके साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की। दोनों आरोपियों को बलात्कार और छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने घटना के बारे में ब्रिटिश उच्चायोग को भी सूचित कर दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में कहा, “दिल्ली के महिपालपुर होटल में एक ब्रिटिश महिला के साथ बलात्कार के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथी को छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। सोशल मीडिया के जरिए उस व्यक्ति की दोस्त बनी महिला उससे मिलने के लिए ब्रिटेन से दिल्ली आई थी।”