India News (इंडिया न्यूज), Aaj Ka Mausam: राजधानी दिल्ली में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। बादल लगे रहने की वजह से लोगों को चिलचिलाती धुप से बड़ी राहत मिली है। इसके अलावा, देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है, हालांकि पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का मौसम अभी भी बना हुआ है। इस बीच, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान भी जारी कर दिया है। आईएमडी के अनुसार, एक तरफ उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप रहेगा, वहीं पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश की संभावना है। पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
दिल्ली में कैसा रहेगा आज का मौसम?
आज रविवार (27 अप्रैल, 2025) को दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। बताया जा रहा है कि अधिकतम तापमान 41-42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं, अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो यह 22-24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पूरे इलाके में लू को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। फिलहाल यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। आसमान साफ रहने से चिलचिलाती धूप पड़ेगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश के मौसम की बात करें तो पूर्वी उत्तर प्रदेश जैसे वाराणसी और प्रयागराज में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा, बिहार के पटना, भागलपुर और गया जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22-24 डिग्री के बीच रहने का अनुमान लगाया गया है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान
मैदानों राज्यों के इतर पहाड़ी राज्यों में मौसम एकदम उलट देखने को मिल रहा है। एक तरफ जहां दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल है तो पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, पहाड़ी राज्यों जैसे उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। लाहौल-स्पीति, शिमला और मनाली जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में कल अलर्ट जारी किया गया था। इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अनुमान है।