India News (इंडिया न्यूज), Aaj Ka Mausam: भारत के अधिकांश हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी इलाकों तक इन दिनों तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिल्ली एनसीआर और आसपास के इलाकों में दिनभर हवाएं चलती रहीं, साथ ही बादलों की आंखमिचौली भी देखने को मिली, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा, दिल्ली एनसीआर में आज धूल भरी आंधी से लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है।
बारिश से तापमान में गिरावट
पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ इलाकों में बारिश होने की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दक्षिण भारत के कई इलाकों में भी धूल भरी आंधी के साथ बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। उत्तर पश्चिमी राज्यों में भी मौसम खराब है। इसके अलावा, आईएमडी ने कई इलाकों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि आईएमडी के मुताबिक, बुधवार को उत्तराखंड में कई जगहों पर बारिश की संभावना है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज के साथ बारिश और निचले इलाकों में बिजली गिरने की संभावना है। गुरुवार को पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
अगर मौसम विभाग की मानें तो 2 मई से एक ताजा और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करने की चेतावनी जारी की गई है। आईएमडी ने 30 अप्रैल से 4 मई तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में गरज, तूफान और बिजली के साथ बारिश की संभावना जताई है। यहां 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 30 अप्रैल तक बारिश हो सकती है, साथ ही पंजाब और हरियाणा में भी बारिश हो सकती है। इनके अलावा, 1 मई को चंडीगढ़ और दिल्ली में और 1 और 2 मई को राजस्थान में धूल भरी आंधी आने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में कई जगहों पर भीषण गर्मी और गर्म मौसम रहने की संभावना है। 29 और 30 अप्रैल को हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। इसके अलावा, चक्रवात से महाराष्ट्र और गुजरात के प्रभावित होने की संभावना है।