India News (इंडिया न्यूज), Aaj Ka Mausam: मार्च का महीना जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, गर्मी भी बढ़ती जा रही है। उत्तर भारत के ज्यादातर इलाकों में सूरज की तपिश बढ़ने लगी है। दिल्ली एनसीआर में भी गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है। वहीं पंजाब-हरियाणा और राजस्थान में भी तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने फिलहाल बिहार-झारखंड और उत्तर प्रदेश में बारिश का अनुमान जताया है। दिल्ली एनसीआर में गर्मी बढ़ने लगी है। मंगलवार यानी 18 मार्च 2023 को राजधानी के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखी गई। यह 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।
दिल्ली एनसीआर में चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दिल्ली एनसीआर में तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। वहीं अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है, हालांकि हवा चलने से गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 20 मार्च 2025 तक मौसम शुष्क रहने वाला है। 21-22 मार्च 2025 तक तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। वहीं, बिहार में भी मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 21-22 मार्च 2025 तक राज्य में 70 फीसदी तक बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है।
पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम?
उत्तराखंड में मौसम में हल्की ठंडक बनी हुई है। बद्रीनाथ धाम में अभी भी हल्की बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में चंबा, किन्नौर और लाहौल स्पीति समेत कई ऊंचाई वाले इलाकों में आज हल्की बर्फबारी हो सकती है। यहां भी बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में बर्फबारी अभी भी जारी है, जिसकी वजह से यहां ठंडी हवाएं चल रही हैं और तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है।