India News (इंडिया न्यूज), Aaj Ka Mausam: दिल्ली-एनसीआर में कुछ दिन हुई बारिश के बाद फिर से गर्मी सताने लगी है। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि आज शाम को एक बार फिर यहां मौसम में बदलाव होने की संभावना है। मौसम विभाग के दिल्ली केंद्र के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार को दिल्ली एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसी तरह उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो सकती हैं। वहीं महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक और गुजरात जैसे राज्यों में आज फिर भारी बारिश जारी है।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 26 मई को हुई बारिश के बाद दिल्ली एनसीआर वासियों को गर्मी से काफी राहत मिली थी। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से घटकर 32-33 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। हालांकि सोमवार से यहां फिर मौसम गर्म होने लगा है। मंगलवार को सफदरजंग बेस स्टेशन पर अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आशंका है कि आज तापमान बढ़कर 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि आधी रात के बाद मौसम में बदलाव भी देखने को मिल सकता है।
‘इस बार अल्लाह ने भी नहीं बख्शा’, पाक में रातों-रात आई ऐसी आफत, हर तरफ मच गई चीख-पुकार
इन राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग ने आज फिर कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, आंतरिक और तटीय कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसी तरह अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उत्तरी आंध्र तट, दक्षिणी ओडिशा और दक्षिण-पश्चिमी मध्य प्रदेश में मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, ओडिशा, उत्तरी छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, पूर्वी गुजरात और लक्षद्वीप में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी आज हल्की बारिश के आसार हैं। हालांकि राजस्थान के कुछ इलाकों में आज लू भी चल सकती है।