India News (इंडिया न्यूज),Aaj ka Mausam: उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तेज हवाएं चलने से मौसम में हल्की ठंडक देखने को मिल रही थी। तेज हवाओं के कारण रात में मौसम ठंडा हो रहा था। लेकिन अब आने वाले दिनों में तेज हवाओं को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार 12 मार्च तक प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है। साथ ही तेज हवाओं के कारण जो तापमान में गिरावट आई थी, उसमें फिर से बढ़ोतरी होने वाली है। तापमान में इस बढ़ोतरी के कारण आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी और बढ़ सकती है। फिलहाल, दिन में तेज धूप के कारण प्रदेश में काफी गर्मी पड़ रही है।
बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार 7 मार्च को प्रदेश में किसी भी तरह का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस दौरान पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। इसी तरह 8 और 9 मार्च को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रह सकता है। इस दौरान भी बारिश और कोहरे को लेकर मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। साथ ही 10, 11 और 12 मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि अभी प्रदेश में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में मौसम साफ रहने वाला है। प्रदेश के न्यूनतम तापमान में कमी देखी गई है।
यूपी के इन शहरों में मौसम का हाल
नजीबाबाद में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फुरसतगंज में 9.5 डिग्री सेल्सियस, मुजफ्फरनगर में 9.9 डिग्री सेल्सियस, बुलंदशहर में 10 डिग्री सेल्सियस, बहराइच में 10 डिग्री सेल्सियस, प्रयागराज में 10.1 डिग्री सेल्सियस और शाहजहांपुर में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई। राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अलीगढ़ में अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस, आगरा ताज में 30.5 डिग्री सेल्सियस, झांसी में 31.7 डिग्री सेल्सियस और लखीमपुर खीरी में 30 डिग्री सेल्सियस रहा।
Petrol Diesel Price Today: आपके शहर में क्या है पेट्रोल-डीजल की कीमत, जानें पूरी डिटेल