India News (इंडिया न्यूज), Aaj Ka Mausam: होली के त्योहार में अब सिर्फ दो दिन बचे हैं। 13 मार्च को होलिका दहन होगा और 14 मार्च को रंग-गुलाल उड़ाए जाएंगे। इस बीच दिल्ली, यूपी, कश्मीर समेत अन्य राज्यों में मौसम बदलने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। दिल्ली में बारिश के आसार हैं, यूपी में हल्की बूंदाबांदी संभव है और कश्मीर में बर्फबारी जारी रहेगी। 13 से 15 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर और यूपी में बारिश के आसार हैं। कश्मीर में बर्फबारी जारी रहेगी, जबकि बिहार और गुजरात में गर्मी का असर बढ़ेगा।
होली पर कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक 12 मार्च की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके चलते तीन दिन तक दिल्ली और एनसीआर में आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। 13, 14 और 15 मार्च को बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की बारिश हो सकती है। 11 और 12 मार्च को सुबह हल्का कोहरा रहेगा, लेकिन दिन में धूप खिली रहेगी। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है। अधिकतम तापमान 32-35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16-19 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
13 मार्च से तापमान में आएगी गिरावट
बताया जा रहा है कि, 13 मार्च से मौसम ठंडा हो जाएगा और 14-15 मार्च को तापमान में और गिरावट आ सकती है। एनसीआर के नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में हल्की बारिश की भी संभावना है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, पिछले कुछ दिनों से यूपी में गर्मी बढ़ रही थी, लेकिन 13 मार्च से मौसम बदलने वाला है। 12 मार्च को मौसम साफ रहेगा, लेकिन पश्चिमी और पूर्वी यूपी में तेज हवाएं (20-30 किलोमीटर प्रति घंटा) चलेंगी। 13 मार्च को पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश और आंधी आ सकती है। 14 मार्च को कुछ इलाकों में हल्की बारिश होगी, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा। 15 मार्च को राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है।
कैसा रहेगा इन राज्यों का मौसम?
बिहार में गर्मी बढ़ रही है और फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण कुछ इलाकों में तेज हवाएं और हल्की बारिश हो सकती है। गुजरात में लू चल रही है, खासकर राजकोट में तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में 13-15 मार्च के बीच हल्की बारिश हो सकती है, 15 मार्च को बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।