India News (इंडिया न्यूज),Aaj ka Mausam: उत्तर प्रदेश में मौसम में बिना किसी बदलाव के हल्की ठंड बढ़ गई है। रात में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम थोड़ा और ठंडा हो सकता है, क्योंकि 27 फरवरी से प्रदेश में बारिश हो सकती है। यह सिलसिला अगले दो दिन तक जारी रह सकता है। इसके साथ ही कोहरे का अलर्ट भी जारी किया गया है। हालांकि दो मार्च से प्रदेश का मौसम फिर साफ हो जाएगा। फिलहाल प्रदेश में दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड पड़ रही है। कड़ाके की ठंड का सिलसिला पूरी तरह थम गया है।
छाया रहेगा कोहरा
25 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रह सकता है। इसी तरह 26 फरवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि इस दौरान देर रात और सुबह के वक्त प्रदेश के दोनों हिस्सों में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। 27 फरवरी से प्रदेश में मौसम पूरी तरह बदल सकता है। 27 को पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में मौसम पूरी तरह साफ रह सकता है।
बारिश की भी संभावना
इसी तरह 28 फरवरी को पश्चिमी यूपी के साथ ही पूर्वी यूपी में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के भी आसार हैं। इसी तरह एक मार्च को भी प्रदेश के दोनों हिस्सों में बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है। इस तरह बारिश के साथ ही कोहरे का भी अलर्ट जारी किया गया है। दो मार्च को प्रदेश का मौसम फिर साफ हो जाएगा। तापमान की बात करें तो तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। प्रदेश के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान 10℃ से नीचे आ गया है। नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 9.8℃ दर्ज किया गया है।