India News (इंडिया न्यूज), Aaj Ka Mausam: मई महीने की शुरुआत से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कल हुई तेज बारिश से दिल्ली में गर्मी से बहुत राहत मिली है। दिल्ली एनसीआर समेत उत्तर भारत में मौसम आज भी बदला हुआ नजर आ रहा है। कई जगहों पर आंधी-तूफान के बाद भीषण गर्मी से राहत मिली है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर और दक्षिण के राज्यों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम

दिल्ली एनसीआर में आज सुबह-सुबह ही मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। सुबह होते ही लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। धूल भरी आंधी और हल्की बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, अगर हम दिल्ली एनसीआर में अधिकतम तापमान की बात करें तो यह 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा। 15-25 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी, जिससे लोगों को गर्मी से काफी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।

UP Weather Today: UP वालों हो जाओ सावधान! इन जिलों में गिर सकती है बिजली, बारिश और आंधी के भी आसार, IMD ने दे दी चेतावनी

यूपी में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

दिल्ली-एनसीआर के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई जिलों जैसे अंबेडकर नगर, आजमगढ़ और अमेठी में गरज के साथ हल्की बारिश होगी। पश्चिमी यूपी में भी हल्की बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। इसके अलावा, बिहार में भी भारी बारिश और हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है।

पहाड़ों में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज आंधी-तूफान की संभावना है। उत्तराखंड में तेज हवाओं ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दी है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यहां 6 मई 2025 तक मौसम बदलने वाला है। जम्मू-कश्मीर में 2-4 मई 2025 तक बारिश की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 3 मई 2025 को आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। खासकर पहाड़ी इलाकों में बारिश हो सकती है।

Delhi Weather Today: क्या आज भी दिल्ली में छाएगी अंधेरी, झमाझम बरसेंगे बादल? जानिए आज कैसा रहेगा राजधानी का मौसम